Tuesday, July 21, 2026
Latest:
Top Newsदेश

जम्मू-कश्मीर में बारिश बनी आफत, पुंछ-राजौरी में बाढ़ और लैंडस्लाइड से 12 की मौत, कई लोग अब भी लापता

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के पुंछ और राजौरी जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश और बादल फटने की घटनाओं ने व्यापक तबाही मचा दी है। बाढ़ और भूस्खलन की चपेट में आने से अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोगों के लापता होने की सूचना है। लगातार बारिश के बीच राहत और बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है, लेकिन खराब मौसम के कारण अभियान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

पुंछ में सबसे ज्यादा तबाही, एक परिवार के 8 लोगों की मौत

सबसे अधिक नुकसान पुंछ जिले के सुरनकोट क्षेत्र में हुआ, जहां तेज बारिश के बाद बादल फटने से अचानक आई बाढ़ ने लोअर मुराह गांव को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान एक मकान पूरी तरह ढह गया, जिसमें एक ही परिवार के आठ लोगों की मौत हो गई। कई अन्य मकानों को भी नुकसान पहुंचा है और आशंका जताई जा रही है कि कुछ लोग अब भी मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं।

वहीं, राजौरी जिले में भी दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।

राजौरी में बाढ़ से जनजीवन अस्त-व्यस्त

राजौरी जिले में मूसलाधार बारिश के कारण नदियां और नाले उफान पर हैं। बेला वाला क्षेत्र में स्थित नया बस स्टैंड पूरी तरह पानी में डूब गया। कई वाहन तेज बहाव में बह गए, जबकि अनेक वाहन कीचड़ में फंस गए। बाढ़ का पानी दुकानों और घरों में घुसने से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। कई सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं, पुल प्रभावित हुए हैं और कई इलाकों का संपर्क टूट गया है।

सेना, पुलिस और एसडीआरएफ चला रहे राहत अभियान

भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन संयुक्त रूप से बड़े स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हैं। कई लोगों को रस्सियों और विशेष उपकरणों की सहायता से सुरक्षित बाहर निकाला गया। एक रेस्क्यू अभियान के दौरान 11 लोगों को सुरक्षित बचाया गया, जिनमें पांच बच्चे भी शामिल हैं।

23 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर में 23 जुलाई तक मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से नदियों, नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा बिना जरूरी कारण यात्रा न करने की अपील की है। खराब मौसम को देखते हुए स्कूलों को 22 जुलाई तक बंद रखने का निर्णय लिया गया है।

मुख्यमंत्री ने दिए लगातार निगरानी के निर्देश

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सिविल सचिवालय में उच्चस्तरीय बैठक कर हालात की समीक्षा की। उन्होंने सभी जिलों को 24 जुलाई तक प्रत्येक छह घंटे में स्थिति रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं। ये रिपोर्ट डिविजनल कमिश्नर के माध्यम से आपदा प्रबंधन विभाग को भेजी जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रभावित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने खाद्य सामग्री, पेयजल और दवाओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ बिजली, सड़क और पेयजल सेवाओं को जल्द से जल्द बहाल करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------