लखनऊ में 7 अक्टूबर को ‘रेड रन उत्तर प्रदेश-2026’, 600 प्रतिभागी दौड़ेंगे; HIV/AIDS जागरूकता के साथ फिटनेस का संदेश

लखनऊ: बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ और उत्तर प्रदेश स्टेट एड्स कंट्रोल सोसाइटी (UPSACS) के संयुक्त तत्वावधान में 7 अक्टूबर 2026 को ‘रेड रन उत्तर प्रदेश-2026’ मैराथन का आयोजन किया जाएगा। बीबीएयू परिसर में होने वाले इस आयोजन की तैयारियां कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल के दिशा-निर्देशन और संरक्षण में की जा रही हैं। मैराथन में करीब 600 प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है।

शहीद पथ की सर्विस लेन पर होगी दौड़
कार्यक्रम समन्वयक प्रो. पवन कुमार चौरसिया ने बताया कि मैराथन शहीद पथ की सर्विस लेन पर आयोजित होगी। इसका उद्देश्य युवाओं में एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ स्वस्थ जीवनशैली, फिटनेस और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना है।
आयोजन में राज्य स्तर की 10 किलोमीटर दौड़ के लिए करीब 100 प्रतिभागी शामिल होंगे। इसके अलावा बीबीएयू और अन्य विश्वविद्यालयों के 17 से 25 वर्ष आयु वर्ग के करीब 500 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे।
सुबह 4:30 बजे से शुरू होगी तैयारियां
मैराथन से जुड़ा पंजीकरण और अन्य आवश्यक गतिविधियां बीबीएयू परिसर में होंगी। प्रतिभागियों को 7 अक्टूबर की सुबह 4:30 बजे पृथ्वी एवं पर्यावरण विज्ञान विद्यापीठ के मैदान में पहुंचना होगा। यहां पंजीकरण के साथ टी-शर्ट और चेस्ट नंबर का वितरण किया जाएगा।
प्रतिभागियों के लिए पंजीकरण पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है। सभी पंजीकृत प्रतिभागियों को निःशुल्क किट भी दी जाएगी।
5 बजे जुम्बा और रॉक बैंड प्रस्तुति
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 5 बजे प्रतिभागियों के लिए जुम्बा और रॉक बैंड की प्रस्तुति होगी। इसके बाद 5:15 बजे प्रतिभागियों को दौड़ के लिए तैयार किया जाएगा। इस दौरान उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश देने के साथ वार्म-अप और हाइड्रेशन की जानकारी दी जाएगी।
-------------------------------------------------------------------------------------------
सुबह 5:30 बजे मैराथन का लाइन-अप होगा और 6 बजे दौड़ को हरी झंडी दिखाई जाएगी।
रास्ते में मिलेंगे हाइड्रेशन प्वाइंट
मैराथन के मार्ग पर प्रतिभागियों की निगरानी के साथ हाइड्रेशन प्वाइंट की व्यवस्था की जाएगी। करीब 7 बजे प्रतिभागियों के फिनिशिंग प्वाइंट पर पहुंचने के बाद उन्हें पानी और स्नैक्स उपलब्ध कराए जाएंगे।
इसके बाद मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों का स्वागत एवं संबोधन होगा। आयोजन समिति, मीडिया, स्वयंसेवकों और प्रायोजकों के प्रतिनिधियों को स्मृति चिह्न और प्रशस्ति-पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
1.40 लाख रुपये की पुरस्कार राशि
मैराथन में विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं को कुल 1.40 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। पुरस्कार वितरण समारोह में 10 किलोमीटर पुरुष और महिला वर्ग के साथ 5 किलोमीटर पुरुष और महिला वर्ग के विजेताओं की घोषणा की जाएगी। विजेताओं को मेडल और प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।
युवाओं से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील
बीबीएयू और UPSACS की ओर से युवाओं से इस जागरूकता और फिटनेस अभियान में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है। आयोजन के जरिए एचआईवी/एड्स जागरूकता के साथ स्वस्थ जीवनशैली और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देने का प्रयास किया जाएगा।
