Tuesday, July 21, 2026
Latest:
Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय में एम.एड. प्रवेश हेतु समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण प्रारम्भ। बी.एड. एवं बी.एल.एड. अंतिम वर्ष के परीक्षार्थी भी कर सकेंगे आवेदन

बरेली, 09जून।महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली के शिक्षा एवं संबद्ध विज्ञान संकाय अंतर्गत संचालित बी.एड./एम.एड. विभाग (आई.ए.एस.ई.) में शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए एम.एड. पाठ्यक्रम में प्रवेश हेतु ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया प्रारम्भ हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 30 जून 2026 तक विश्वविद्यालय के समर्थ प्रवेश पोर्टल https://mjpruadm.samarth.edu.in/index.php/site/login पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।

बी.एड./एम.एड. विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. संतोष अरोड़ा ने बताया कि इस वर्ष से एम.एड. पाठ्यक्रम में प्रवेश अर्हता परीक्षा में प्राप्त अंकों की मेरिट के आधार पर किया जाएगा। प्रवेश के लिए अभ्यर्थी का बी.एड. अथवा बी.एल.एड. में न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक प्राप्त करना आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में बी.एड.
द्वितीय वर्ष तथा बी.एल.एड. चतुर्थ वर्ष की परीक्षाओं में सम्मिलित हो रहे विद्यार्थी भी एम.एड. प्रवेश हेतु आवेदन कर सकते हैं। ऐसे अभ्यर्थियों को आवेदन करने का अवसर प्रदान किया गया है। परीक्षा परिणाम घोषित होने के पश्चात उन्हें अपने प्राप्तांकों तथा अन्य आवश्यक विवरणों को पोर्टल पर अद्यतन करने का अवसर दिया जाएगा। इससे अंतिम वर्ष के विद्यार्थी भी समय से प्रवेश प्रक्रिया में सम्मिलित हो सकेंगे।

प्रो. अरोड़ा ने आगे बताया कि अभ्यर्थियों को सर्वप्रथम समर्थ 6प्रवेश पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा। इसके उपरांत उसी पोर्टल पर उपलब्ध कॉलेज पंजीकरण प्रपत्र भरना भी अनिवार्य होगा। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद अभ्यर्थियों को आवेदन प्रपत्र का प्रिंट निकालकर आवश्यक अभिलेखों सहित बी.एड./एम.एड. विभाग में जमा करना होगा। आवेदन प्रपत्र विभाग में प्रत्येक कार्यदिवस में प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि एम.एड. शिक्षक शिक्षा के क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण स्नातकोत्तर कार्यक्रम है, जो विद्यार्थियों को शिक्षण, अनुसंधान, शैक्षिक नेतृत्व तथा शिक्षक शिक्षा के विविध आयामों में विशेषज्ञता प्रदान करता है। विभाग में आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं, समृद्ध पुस्तकालय, सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी संसाधन, शोधोन्मुख वातावरण तथा अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन उपलब्ध है।

विभागाध्यक्ष ने सभी पात्र अभ्यर्थियों से समय रहते पंजीकरण एवं आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अंतिम तिथि की प्रतीक्षा करने के बजाय अभ्यर्थी शीघ्र आवेदन करें तथा आवेदन प्रपत्र की हार्ड कॉपी विभाग में जमा करना सुनिश्चित करें।

कुलपति प्रो. के.पी. सिंह ने कहा कि “राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की मंशा के अनुरूप, गुणवत्तापूर्ण शिक्षक शिक्षा को सुलभ एवं समावेशी बनाना हमारा लक्ष्य है। बी. एड. एवं बी.एल.एड. कार्यक्रम में अंतिम वर्ष के छात्रों को भी आवेदन की अनुमति देना इसी दिशा में एक सराहनीय कदम है। मैं सभी इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों से आग्रह करता हूँ कि वे समर्थ पोर्टल पर समय रहते पंजीकरण करें और इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाएँ। विश्वविद्यालय उत्कृष्ट शैक्षणिक माहौल एवं शोध-उन्मुखीय दृष्टिकोण से युक्त शिक्षक-शिक्षा प्रदान करने हेतु सदैव प्रतिबद्ध है।”

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------