Tuesday, July 21, 2026
Latest:
उत्तर प्रदेशराज्य

आईवीआरआई के वैज्ञानिक दंपति के पुत्र रायान कुरैशी ने NEET-UG 2026 में हासिल की शानदार सफलता

बरेली, 17 जुलाई।आईसीएआर- भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई), इज्जतनगर के वैज्ञानिक परिवार के होनहार छात्र रायान कुरैशी ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 720 में से 614 अंक प्राप्त किए हैं तथा अखिल भारतीय रैंक (AIR) 6232 अर्जित कर अपने परिवार, संस्थान और जनपद का नाम गौरवान्वित किया है। NEET-UG 2026 का परिणाम राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) द्वारा हाल ही में घोषित किया गया।

रायान कुरैशी के पिता डॉ. सलाहुद्दीन कुरैशी आईसीएआर-भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान, इज़तनगर के जैविक मानकीकरण  विभाग में प्रधान वैज्ञानिक  के पद पर कार्यरत हैं। उनकी माता डॉ. सुबुही खान आईवीआरआई, इज़तनगर में शोधार्थी (Research Scholar) हैं। रायान की छोटी बहन अलीना बरेली के हार्टमैन कॉलेज में कक्षा 9 की छात्रा हैं।

रायान की इस उपलब्धि ने यह सिद्ध किया है कि निरंतर परिश्रम, अनुशासित अध्ययन और परिवार के प्रोत्साहन से राष्ट्रीय स्तर की कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं में भी उत्कृष्ट सफलता प्राप्त की जा सकती है। उनकी इस सफलता पर आईवीआरआई के वैज्ञानिकों, शिक्षकों, सहकर्मियों तथा शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ दी हैं।

रायान ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के मार्गदर्शन, शिक्षकों के सहयोग तथा नियमित एवं सुनियोजित अध्ययन को दिया। उन्होंने कहा कि लक्ष्य के प्रति समर्पण, आत्मविश्वास और निरंतर अभ्यास ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।

रायान कुरैशी की यह उपलब्धि न केवल आईवीआरआई परिवार बल्कि बरेली जनपद के विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायी है। उनसे प्रेरणा लेकर अनेक विद्यार्थी चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियाँ प्राप्त करने का संकल्प ले सकते हैं। बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------