विधानसभा को देखकर बच्चों ने कहा “अमेजिंग” नई पीढ़ी को तकनीक और लोकतांत्रिक व्यवस्था के साथ कदमताल करना होगा : सतीश महाना

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा के भ्रमण पर आए कानपुर स्थित सर पदमपत सिंघानिया एजुकेशन सेंटर के छात्र-छात्राओं ने विधानसभा की भव्यता, कार्यप्रणाली और लोकतांत्रिक व्यवस्था को करीब से देखकर अपने अनुभव साझा किए। जब विधानसभा अध्यक्ष श्री सतीश महाना जी ने बच्चों से पूछा कि आपको विधानसभा कैसी लगी, तो छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक कहा — “अमेजिंग।”
इस अवसर पर श्री सतीश महाना जी ने बच्चों से संवाद करते हुए कहा कि वर्तमान समय तकनीक के तेजी से विकास का दौर है। आज 5वीं जेनरेशन की तकनीक का उपयोग हो रहा है और नई पीढ़ी को भी तकनीकी बदलावों के साथ निरंतर आगे बढ़ना होगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा, ज्ञान और जागरूकता ही युवाओं को सशक्त बनाती है।

उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति जितने बड़े पद पर होता है, उसके प्रति उतनी ही अधिक अपेक्षाएं और विरोध भी होते हैं। यदि कोई विद्यार्थी पढ़ाई में आगे बढ़ता है तो कई बार उसका विरोध भी होता है, लेकिन सफलता के लिए आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास जरूरी है। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि विधायिका की छवि को लेकर कई बार गलत धारणाएं बनाई जाती हैं, जबकि विधानसभा प्रदेश के 25 करोड़ लोगों के हितों के लिए कार्य करती है। सभी जनप्रतिनिधियों की अपनी-अपनी भूमिका होती है। उन्होंने बच्चों को विधानसभा की कार्यप्रणाली, प्रश्नकाल, चर्चा और जनहित के मुद्दों पर होने वाले कार्यों की जानकारी दी।

श्री महाना जी ने कहा कि किसी भी संस्था या व्यवस्था के बारे में बिना जाने कोई धारणा नहीं बनानी चाहिए। किसी को जबरन खराब नहीं कहा जाना चाहिए, बल्कि वास्तविकता को समझने के बाद ही विचार बनाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है। अब किसी को डराकर वोट हासिल नहीं किया जा सकता, बल्कि जनता का विश्वास और दिल जीतकर ही चुनाव में सफलता प्राप्त की जा सकती है।
इस दौरान छात्र-छात्राओं ने विधानसभा की कार्यप्रणाली से संबंधित सवाल भी पूछे, जिनका श्री महाना जी ने विस्तार से उत्तर दिया। विद्यालय के शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
