Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

राम मंदिर ट्रस्ट और SBI के बीच विवाद की खबरों का बैंक ने किया खंडन, कहा- सभी लेन-देन सामान्य रूप से जारी

लखनऊ: श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कर्मचारियों के वेतन भुगतान को लेकर मीडिया में चल रही खबरों पर भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि बैंक और ट्रस्ट के बीच किसी भी प्रकार का विवाद नहीं है। बैंक ने स्पष्ट किया कि ट्रस्ट के खातों से जुड़े सभी वित्तीय लेन-देन निर्धारित प्राधिकार (मैंडेट) के अनुसार नियमित रूप से किए जा रहे हैं।

भारतीय स्टेट बैंक के स्थानीय प्रधान कार्यालय, लखनऊ की ओर से शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया है कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कर्मचारियों का वेतन नहीं मिल पा रहा है और इसके पीछे एसबीआई तथा ट्रस्ट के बीच विवाद को वजह बताया जा रहा है। बैंक ने इन दावों को पूरी तरह खारिज किया है।

एसबीआई ने अपने स्पष्टीकरण में कहा कि बैंक और श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के बीच किसी भी प्रकार का कोई विवाद नहीं है। ट्रस्ट द्वारा दिए गए अधिकृत प्राधिकार (मैंडेट) के अनुरूप खातों से संबंधित सभी लेन-देन सामान्य रूप से अनुमत और संचालित किए जा रहे हैं।

बैंक ने कहा कि ट्रस्ट के खातों के संचालन में किसी तरह की बाधा नहीं है और सभी बैंकिंग प्रक्रियाएं निर्धारित नियमों के अनुसार जारी हैं।

यह स्पष्टीकरण भारतीय स्टेट बैंक, स्थानीय प्रधान कार्यालय, लखनऊ के मुख्य महाप्रबंधक दिपेश राज की ओर से 25 जुलाई 2026 को जारी किया गया।

---------------------------------------------------------------------------------------------------