ग्रेटर नोएडा में सजेगा देश का सबसे बड़ा बायोएनर्जी मंच, मुख्यमंत्री योगी करेंगे इंडिया बायोएनर्जी एंड टेक एक्सपो 2026 का शुभारंभ
लखनऊ: उत्तर प्रदेश स्वच्छ ऊर्जा और हरित विकास के क्षेत्र में एक और बड़ा कदम बढ़ाने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 11 से 13 अगस्त 2026 तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित होने वाले तीसरे इंडिया बायोएनर्जी एंड टेक एक्सपो 2026 का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश के ऊर्जा एवं वैकल्पिक ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा भी मौजूद रहेंगे।
इंडियन फेडरेशन ऑफ ग्रीन एनर्जी और एमएम एक्टिव साइ-टेक कम्युनिकेशंस द्वारा, उत्तर प्रदेश न्यू एंड रिन्यूएबल एनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी के सह-आयोजन में आयोजित यह तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन एवं प्रदर्शनी प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी पहल मानी जा रही है। इसका उद्देश्य उत्तर प्रदेश को बायोएनर्जी, स्वच्छ ऊर्जा प्रौद्योगिकी, हरित उद्योग और सतत औद्योगिक विकास के क्षेत्र में अग्रणी राज्य के रूप में स्थापित करना है।

कम-कार्बन भविष्य पर रहेगा सम्मेलन का फोकस
इस आयोजन को भारत सरकार के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, विद्युत मंत्रालय तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग का सहयोग प्राप्त है। “कम-कार्बन विश्व के लिए उन्नत बायोएनर्जी समाधान” विषय पर आधारित इस सम्मेलन में नीति-निर्माता, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, वैज्ञानिक, शोधकर्ता, तकनीकी विशेषज्ञ और निवेशक एक साझा मंच पर जुटेंगे।
निवेश और नवाचार को मिलेगा बढ़ावा
प्रदेश सरकार का लक्ष्य इस आयोजन के माध्यम से बायोएनर्जी क्षेत्र में निवेश को प्रोत्साहित करना, नई तकनीकों को बढ़ावा देना और भारत के ऊर्जा सुरक्षा एवं नेट-जीरो लक्ष्यों की दिशा में उत्तर प्रदेश की भूमिका को मजबूत करना है। आयोजन को उद्योग, निवेश और प्रौद्योगिकी हस्तांतरण के लिए राष्ट्रीय स्तर का मंच माना जा रहा है।
आईएफजीई ने जताई उम्मीद
इंडियन फेडरेशन ऑफ ग्रीन एनर्जी के महानिदेशक संजय गजू ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सहभागिता राज्य की बायोएनर्जी क्षेत्र के विकास के प्रति मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उनके अनुसार, आईबीईटी एक्सपो 2026 नीति-निर्माताओं, उद्योग जगत, नवाचारकर्ताओं और निवेशकों के बीच नई साझेदारियों तथा निवेश के अवसरों को बढ़ावा देगा और देश की हरित अर्थव्यवस्था को नई दिशा प्रदान करेगा।
अत्याधुनिक बायोएनर्जी तकनीकों का होगा प्रदर्शन

तीन दिवसीय आयोजन में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के साथ विशाल प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी। इसमें कम्प्रेस्ड बायोगैस, एथेनॉल, बायोडीजल, सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल, वेस्ट-टू-एनर्जी, बायो-मोबिलिटी, ग्रीन हाइड्रोजन, मरीन फ्यूल्स, बायोमास पेलेट एवं ब्रिकेट्स, कार्बन मार्केट, ग्रीन एट्रिब्यूट्स सहित कई उभरती बायोएनर्जी तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा।
देश-विदेश के विशेषज्ञ होंगे शामिल
सम्मेलन में विद्युत मंत्रालय, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय, जैव प्रौद्योगिकी विभाग, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग, नीति आयोग, केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण, वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग तथा भारतीय अक्षय ऊर्जा विकास एजेंसी समेत कई संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारी, वैज्ञानिक, शोधकर्ता, उद्योग प्रतिनिधि और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ भाग लेंगे।
25 से अधिक तकनीकी सत्र, 150 से ज्यादा प्रदर्शक
आईबीईटी एक्सपो 2026 में 25 से अधिक तकनीकी सत्र आयोजित होंगे। कार्यक्रम में 120 से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय वक्ताओं, 150 से अधिक प्रदर्शकों, 1,000 से अधिक प्रतिनिधियों और 15,000 से अधिक व्यावसायिक आगंतुकों के शामिल होने की संभावना है। इसे भारत के बायोएनर्जी क्षेत्र का सबसे बड़ा और प्रभावशाली उद्योग सम्मेलन माना जा रहा है।
अग्रणी कंपनियों का मिलेगा सहयोग
इस आयोजन को प्राज इंडस्ट्रीज़, रिलायंस बायोएनर्जी, अशोक लेलैंड, गैस लैब एशिया, ट्रूऑल्ट बायोएनर्जी, नोवोनेसिस, टीवीएस, ग्रूनर, एएम ग्रीन, हीरो मोटोकॉर्प, इंडियनऑयल, अडानी वेंचर्स और गेल सहित कई प्रमुख कंपनियों का समर्थन प्राप्त है। वहीं जीआईज़ेड, ईवाई, द एनर्जी एंड रिसोर्सेज इंस्टीट्यूट (टेरी) और चीनीमंडी जैसे नॉलेज पार्टनर भी इस आयोजन से जुड़े हैं।
