नगर निकायों की योजनाओं में लापरवाही नहीं चलेगी, गुणवत्ता और पारदर्शिता पर डीएम सख्त; ईओ परसपुर का वेतन रोकने के निर्देश

गोण्डा: कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में जनपद के सभी स्थानीय नगर निकायों से जुड़ी विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना, नगरीय झील, तालाब एवं पोखरा, अन्त्येष्टि स्थल, सामुदायिक शौचालय, वन्दन योजना, आकांक्षी योजना, अवस्थापना निधि, 15वें वित्त आयोग और नगरीय गौशाला समेत विभिन्न योजनाओं की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई।

समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा कराने के निर्देश
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप सभी योजनाओं और विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर निकायों में संचालित विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखने और प्रत्येक कार्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही जनहित से जुड़ी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
बिना सूचना बैठक से गायब रहे ईओ, शोकाज और वेतन रोकने के निर्देश
समीक्षा बैठक में नगर पंचायत परसपुर के अधिशासी अधिकारी अनुराग शुक्ला के बिना किसी सूचना के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारी को शोकाज नोटिस जारी करने और वेतन रोकने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि महत्वपूर्ण समीक्षा बैठकों में अधिकारियों की मौजूदगी अनिवार्य है। बिना सूचना बैठक से अनुपस्थित रहने को गंभीरता से लिया जाएगा और इस तरह की लापरवाही पर कार्रवाई की जाएगी।
-------------------------------------------------------------------------------------------
हर विकास कार्य की पहले और बाद की तस्वीर अनिवार्य
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी विकास कार्य के शुरू होने से पहले और कार्य पूरा होने के बाद की फोटोग्राफी अनिवार्य रूप से कराई जाए। दोनों चरणों की तस्वीरों को पीपीटी और बैठक पुस्तिका में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि इससे विकास कार्यों की वास्तविक प्रगति और गुणवत्ता का स्पष्ट सत्यापन किया जा सकेगा। अधिकारियों को प्रत्येक योजना की प्रगति रिपोर्ट भी अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए।
भौतिक और वित्तीय प्रगति की नियमित समीक्षा पर जोर
बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों से प्रत्येक स्वीकृत कार्य की भौतिक और वित्तीय प्रगति की नियमित समीक्षा करने को कहा। उन्होंने समय पर परियोजनाओं को पूरा कराने के साथ-साथ योजनाओं के क्रियान्वयन की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह, अपर उपजिलाधिकारी अशोक कुमार गुप्ता, अपर उपजिलाधिकारी सविता शुक्ला, अपर उपजिलाधिकारी विनीत कुमार, अधिशासी अधिकारी नगरपालिका गोण्डा सन्तराम, अधिशासी अधिकारी नगरपालिका करनैलगंज, अधिशासी अधिकारी खरगूपुर, तरबगंज, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत मुजेहना समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

