उत्तर प्रदेशकरियर

UPSC Success Story: पांचवें प्रयास में पाई सफलता, औरैया की तान्या गुप्ता ने रचा इतिहास, हासिल की 720वीं रैंक


औरैया। UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2024 में 720वीं रैंक हासिल कर तान्या गुप्ता ने न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे औरैया जिले का नाम रोशन कर दिया है। तान्या की सफलता की कहानी संघर्ष और आत्मविश्वास का प्रतीक है। जब वह सिर्फ ढाई साल की थीं, तभी उनके पिता का निधन हो गया था। इसके बाद परिवार ने कई आर्थिक और सामाजिक चुनौतियों का सामना किया, लेकिन तान्या ने हार नहीं मानी और अपने पांचवें प्रयास में यह प्रतिष्ठित मुकाम हासिल किया।

मांबेटी का संघर्ष बना प्रेरणा की मिसाल
तान्या के पिता गणित शिक्षक थे और 24 साल पहले बीमारी से उनका निधन हो गया। दादी की मौत के बाद उनकी मां अनीता (रानी गुप्ता) को CHC सहार में वार्ड आया की नौकरी मिली, जिससे घर का खर्च किसी तरह चला। मां ने बेटी की पढ़ाई के लिए हर संभव त्याग किया, और तान्या ने भी कड़ी मेहनत से मां के सपनों को साकार किया।

शिक्षा और तैयारी की राह
तान्या की प्रारंभिक शिक्षा NTPC स्कूल दिबियापुर से हुई, जहाँ उन्होंने 12वीं में टॉप किया। आगे की पढ़ाई के लिए वे दिल्ली चली गईं और वहाँ से दिल्ली यूनिवर्सिटी के प्रतिष्ठित कॉलेज से B.Sc और M.Sc की डिग्री हासिल की। साथ ही उन्होंने UPSC की तैयारी शुरू की। शुरुआत में उन्हें असफलताओं का सामना करना पड़ा, लेकिन पांचवें प्रयास में मिली कामयाबी ने सारी मेहनत रंग ला दी।

“हार नहीं मानी, निराशा को बनाया हौसले का हथियार”

तान्या बताती हैं, “ये रास्ता आसान नहीं था। कई बार निराशा हुई, लेकिन मैंने हार नहीं मानी।” उनकी मां ने बताया, “वह दिनरात सिर्फ पढ़ाई में डूबी रहती थी, कभी शिकायत नहीं की, सिर्फ किताबों की बातें होती थीं।”

प्रेरणा बनीं तान्या, जिले में जश्न का माहौल
तान्या की सफलता से उनके घर में जश्न का माहौल है। पड़ोसी, रिश्तेदार और स्थानीय लोग बधाई देने पहुंच रहे हैं। उनकी सफलता उन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है जो संघर्षों से जूझ रहे हैं और जो मानते हैं कि हालात उनके सपनों के रास्ते में दीवार बन सकते हैं।

संदेश: मेहनत, समर्पण और सकारात्मक सोच से मिलती है मंजिल
तान्या गुप्ता की यह कहानी बताती है कि अगर इच्छाशक्ति, सही मार्गदर्शन और निरंतर प्रयास हो, तो कोई भी सपना अधूरा नहीं रहता।
UPSC जैसी कठिन परीक्षा में सफलता पाना आसान नहीं होता, लेकिन तान्या ने साबित कर दिया कि कोशिश करने वालों की हार नहीं होती।