Weather Update: दिल्ली में मौसम साफ तो यूपी में हल्की बौछार की संभावना, जानें अपने राज्य का हाल

नई दिल्ली। देश से मानसून अब अलविदा कहने वाला है। जाते हुए मानसून के चलते कई जगहों पर अभी भी हल्की बारिश देखने को मिल रही है। वहीं, दिल्ली की बात करें तो दिल्ली में भी अब बारिश होने के आसार नहीं दिख रहे हैं। ऐसे में दो से तीन दिनों के भीतर मानसून यहां से औपचारिक विदाई ले सकता है। इसके बाद धीरे- धीरे तापमान में भी कमी आने लगेगी। हवाएं कमजोर होती जाएंगी, साथ ही उनकी दिशा में भी बदलाव आ जाएगा।

जानकारी के मुताबिक राजधानी में दो साल बाद सितंबर में 100 मिमी से भी कम बरसात हुई है। अब तक दिल्ली (सफदरजंग) में 82.7 मिमी बरसात हुई है। यह सामान्य से 32 प्रतिशत कम है। इससे पूर्व 2022 में 164.5 मिमी और 2021 में 413.3 मिमी बरसात हुई थी। वहीं 2020 में महज 20.9 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई थी।

कैसा रहेगा उत्तर प्रदेश का मौसम?
उत्तर प्रदेश में भी मानसून अब विदाई लेने के लिए तैयार है। धीर-धीरे पूरे यूपी में बारिश कम हो रही है। वहीं, यूपी के कई इलाकों में मौसम साफ बना हुआ है। तेज धूप भी निकलती है। मौसम विभाग के अनुसार, यूपी के ज्यादातर जिलों में आज 28 सितंबर को मौसम शुष्क बना रहेगा, वहीं पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के बौछारें पड़ सकती हैं।

उत्तराखंड के मौसम का हाल?
उत्तराखंड में भी अब मौसम साफ हो गया है। लगातार हुई बारिश ने जो तबाही मचाई उससे परेशान जनता को अब राहत मिली है। गुरुवार की बात करें तो प्रदेश के अधिकतर जिलों में मौसम साफ रहेगा। धूप खिली रहेगी और इसी के साथ ही तापमान भी बढ़ने की संभावना है।

मौसम विभाग की मानें तो उत्तराखंड के सभी जिलों में गुरुवार को मौसम साफ रहेगा। अब मानसून की विदाई का दौर चल रहा है। राजस्थान से मानसून की विदाई के बाद उत्तराखंड में भी मानसून कमजोर पड़ने लगा है। पिछले दिनों प्रदेश में हल्की बूंदाबांदी देखने को मिली थी, लेकिन अधिकतर जगह पर चटक धूप खिली थी।

बिहार में हो रही हल्की वर्षा
राजधानी समेत प्रदेश में मानसून सीजन के दौरान चार जिलों में सामान्य से अधिक वर्षा हुई। वहीं, शेष सभी जिलों में वर्षा की स्थिति अनुकूल नहीं रही। अररिया, भागलपुर, खगड़िया, सुपौल को छोड़ पटना सहित सभी जिलों में सामान्य से काफी कम वर्षा होने से खेती पर बुरा असर पड़ा है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार एक जून से 24 सितंबर तक प्रदेश में सामान्य से 21 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई।

राजधानी समेत कई जिलों में बीते तीन दिनों तक झमाझम वर्षा ने लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान किशनगंज, नवादा, पूर्वी चंपारण जिले के एक या दो स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है। मंगलवार को पटना सहित दक्षिणी भागों के 18 जिलों के एक या दो स्थानों पर वज्रपात, मेघ गर्जन की चेतावनी है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया The Lucknow Tribune के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें... -------------------------
E-Paper