महिला सशक्तिकरण का उत्सव: लखनऊ में ‘Celebrate HER – Utsav Season 2’ भव्य रूप से सम्पन्न

लखनऊ: महिला सशक्तिकरण, नेतृत्व और उद्यमिता को समर्पित भव्य आयोजन “Celebrate HER – Utsav Season 2” का आयोजन लखनऊ के होटल हिल्टन गार्डन इन, गोमतीनगर में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रही महिलाओं को सम्मानित किया गया तथा प्रेरणादायक संवाद सत्र आयोजित किए गए।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि लीना जौहरी, अपर मुख्य सचिव, महिला एवं बाल विकास विभाग एवं महानिदेशक, राष्ट्रीय पोषण मिशन, उत्तर प्रदेश उन्होंने अपने संबोधन में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और समाज में नेतृत्व की भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं अपरना कुमार, संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय), लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट एवं उत्तर प्रदेश की प्रसिद्ध पर्वतारोही, जिन्होंने महिलाओं के साहस, आत्मविश्वास और दृढ़ता पर अपने विचार साझा किए।
विशेष अतिथियों में
ऋतु अग्रवाल, प्रबंध निदेशक, ज्ञानधारा इंडस्ट्रीज, लखनऊ
ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए महिलाओं के समग्र विकास पर जोर दिया।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 11 महिला उद्यमियों को सम्मानित किया गया, जिनमें शाइस्ता अंबर, रूपाली गुप्ता, मानसी डिडवानिया, डॉ. दीप्ति चोपड़ा, करिश्मा खन्ना, स्वाति शर्मा, चारु श्रीवास्तव, प्रिया खन्ना, डॉ. ऋतु जैन, विदुषी विजयवर्गीय और शिप्रा आनंद शामिल हैं।
कार्यक्रम में “Her Brand, Her Story” के अंतर्गत एक-से-एक संवाद सत्र आयोजित किए गए, जिसमें डॉ. हंसा श्रीवास्तव (कॉस्मेटोलॉजिस्ट), प्रियल रस्तोगी (ज्वेलर) और पूजा अग्रवाल (ज्वेलर) ने अपने उद्यमिता के अनुभव साझा किए।
इसके अतिरिक्त, वित्तीय साक्षरता पर एक विशेष सत्र श्री बाल सचिन गुप्ता (VSIX अर्थज्ञान) द्वारा आयोजित किया गया, जिसका संचालन डॉ. सुप्रिया अग्रवाल ने किया। साथ ही, टैली से जुड़े अधिकारी द्वारा भी एक महत्वपूर्ण जानकारीपूर्ण सत्र प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम का समापन SUTA द्वारा प्रस्तुत भव्य फैशन शो के साथ हुआ, जिसने पूरे आयोजन को उत्सवमय बना दिया।
इस आयोजन में WomenShine Chamber of Entrepreneurship (WCE) के सदस्यों के साथ-साथ लखनऊ के कई प्रतिष्ठित एवं प्रभावशाली व्यक्तित्व—गौरव प्रकाश, ललिता पांडेय और सुनीता एरोन—उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अपरना मिश्रा, संस्थापक, WomenShine Chamber of Entrepreneurship (WCE) ने कहा:
“लखनऊ में कई ऐसी प्रेरणादायक महिलाएं हैं जो अपने दम पर व्यवसाय खड़ा कर रही हैं, अवसर पैदा कर रही हैं और अपने समुदाय में बदलाव ला रही हैं। लेकिन अक्सर उनकी कहानियां सामने नहीं आ पातीं—और यही कारण है कि हमने ‘Celebrate HER’ की शुरुआत की।
जब हमने WomenShine Chamber of Entrepreneurship की स्थापना की, तो हमारा उद्देश्य एक ऐसा सहयोगी मंच बनाना था जहां महिला उद्यमी एक-दूसरे से जुड़ सकें, सीख सकें और साथ मिलकर आगे बढ़ सकें।
क्योंकि उद्यमिता का सफर चुनौतीपूर्ण हो सकता है, लेकिन जब महिलाएं एक-दूसरे का साथ देती हैं, तो यही सफर और अधिक सशक्त बन जाता है।
आज का यह आयोजन केवल पुरस्कारों तक सीमित नहीं है—यह उन महिलाओं के साहस का सम्मान है जिन्होंने कुछ नया शुरू किया, उन महिलाओं की पहचान है जिन्होंने जिम्मेदारियों के साथ अपने सपनों को आगे बढ़ाया, और उन महिलाओं की प्रेरणा का उत्सव है जो अपने कार्य से दूसरों के लिए मार्ग प्रशस्त कर रही हैं।”
“Celebrate HER – Utsav Season 2” नारी शक्ति के सम्मान, पहचान और उत्सव का एक सशक्त मंच बनकर उभरा।
