उत्तर प्रदेशराज्य

लखनऊ में पहचान छिपाकर शादी का आरोप! राहुल बनकर मिला युवक, सच सामने आने पर धर्म परिवर्तन का दबाव; केस दर्ज

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक युवती ने युवक पर धार्मिक पहचान छिपाकर शादी का झांसा देने, शारीरिक शोषण करने, ब्लैकमेल करने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

इंस्टाग्राम पर हुई थी पहचान, शादी का दिया था भरोसा

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया है कि वर्ष 2022 में उसकी पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से आरोपी युवक से हुई थी। आरोप है कि युवक ने अपना नाम राहुल बताया और खुद को हिंदू समुदाय का सदस्य बताते हुए उससे नजदीकियां बढ़ाईं।

पीड़िता का दावा है कि आरोपी ने शादी का वादा किया और इसी भरोसे पर उसने कई बार उसके साथ कथित रूप से शारीरिक संबंध बनाए।

शिकायत की बात पर मंदिर में कर ली शादी

पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता का कहना है कि जब उसने आरोपी के खिलाफ पुलिस में जाने की बात कही तो 25 जनवरी 2026 को युवक ने लखनऊ के पुरनिया क्षेत्र स्थित एक मंदिर में उससे विवाह कर लिया। इसके बाद दोनों आशियाना क्षेत्र में किराए के मकान में साथ रहने लगे।

परिजनों से मिलने पर सामने आई असली पहचान

पीड़िता का आरोप है कि बाद में जब उसने आरोपी के परिजनों से संपर्क किया तो उसे पता चला कि युवक का वास्तविक नाम इरशाद अहमद है। इसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।

महिला का कहना है कि जब वह आरोपी के घर पहुंची तो आरोपी, उसके पिता और अन्य परिजनों ने उसके साथ मारपीट की और पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी।

आभूषण और नकदी ले जाने का भी आरोप

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी पक्ष ने उसके किराए के कमरे से सोने-चांदी के आभूषण और 15 हजार रुपये नकद भी ले लिए। पीड़िता ने इस संबंध में भी पुलिस को जानकारी दी है।

धर्म परिवर्तन और दूसरी पत्नी बनकर रहने का दबाव लगाने का आरोप

पुलिस के अनुसार, महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपी उस पर धर्म परिवर्तन कर निकाह करने का दबाव बना रहा था। साथ ही समाज में बदनाम करने की धमकी देता था और खुद को पहले से विवाहित बताते हुए दूसरी पत्नी के रूप में रहने के लिए मजबूर कर रहा था।

मामला दर्ज, आरोपी की तलाश जारी

पुलिस ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच जारी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------