Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

अंग्रेजी में 85 अंक लाने वाले श्याम प्रकाश को मिला विशेष सम्मान, गिरीश चन्द्र मिश्र स्मृति पुरस्कार से बढ़ाया हौसला

सीतापुर: जेएलएमडीजे इंटर कॉलेज खैराबाद में बुधवार को मेधावी छात्र के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कॉलेज के पूर्व प्रवक्ता स्व. गिरीश चन्द्र मिश्र की स्मृति में उनकी धर्मपत्नी ऊषा मिश्रा और सुपुत्र आशीष मिश्रा ‘गीतू’ ने वर्ष 2026-27 की हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में अंग्रेजी विषय में सर्वाधिक 85 अंक हासिल करने वाले छात्र श्याम प्रकाश को पांच हजार रुपये नकद और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

गोविंदा सराय, धरैंचा बाजार, खैराबाद निवासी श्याम प्रकाश के सम्मान के दौरान अतिथियों ने उनके पिता शिवभगवान और माता श्रीमती पार्वती का भी उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में छात्र की मेहनत और उपलब्धि की सराहना करते हुए उसे आगे भी इसी तरह बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया गया।

‘युवा शक्ति सशक्त भारत की पहचान बन रही’

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीमती ऊषा मिश्रा ने कहा कि भारत दुनिया में सबसे अधिक युवाओं वाला देश है। देश की युवा मेधा ही सशक्त भारत की पहचान बन रही है। उन्होंने कहा कि उनके पति स्व. गिरीश चन्द्र मिश्र ने जेएलएमडीजे इंटर कॉलेज में प्रवक्ता रहते हुए अपना पूरा जीवन शिक्षा के क्षेत्र में समर्पित किया और गरीब व बेसहारा छात्रों को आगे बढ़ाने का काम किया।

उन्होंने कहा कि स्व. गिरीश चन्द्र मिश्र की इसी सोच को जीवंत रखने के उद्देश्य से उनका परिवार हर वर्ष इस तरह का आयोजन करता है, ताकि मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहन मिल सके।

अटल बिहारी वाजपेयी ने किया था सम्मानित

स्व. गिरीश चन्द्र मिश्र के पुत्र आशीष मिश्रा ‘गीतू’ ने बताया कि उनके पिता को तत्कालीन प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी ने 23 मार्च 2001 को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में पांचजन्य नचिकेता पुरस्कार से सम्मानित किया था।

उन्होंने बताया कि अपने सफल संपादकीय कार्यों के साथ स्व. गिरीश चन्द्र मिश्र ने वर्ष 1959 से 1988 तक डीजे कॉलेज खैराबाद में अंग्रेजी प्रवक्ता के रूप में शिक्षण कार्य किया।

-------------------------------------------------------------------------------------------

कमजोर छात्रों पर भी विशेष ध्यान देते थे गिरीश मिश्र

विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि पुरस्कार विद्यार्थियों के उत्साह को बढ़ाने का काम करते हैं। मेधावी छात्रों के लिए पुरस्कार आभूषण के समान होते हैं और इससे उनका मनोबल बढ़ता है।

उन्होंने कहा कि स्व. गिरीश चन्द्र मिश्र अपने कार्यकाल में केवल मेधावी विद्यार्थियों पर ही ध्यान नहीं देते थे, बल्कि अंग्रेजी विषय में कमजोर छात्रों को आगे बढ़ाने के लिए भी विशेष प्रयास करते थे। उनके परिवार की ओर से हर वर्ष दिया जाने वाला यह पुरस्कार समाज के लिए प्रेरणादायी पहल है।

प्रधानाचार्य ने कहा कि पुरस्कार बच्चों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। वर्तमान समय में अंग्रेजी विषय का महत्व बढ़ा है और जिले के प्रतिभाशाली विद्यार्थी इसमें दक्षता हासिल कर जनपद का नाम रोशन करेंगे।

कार्यक्रम में शिक्षक और गणमान्य लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के खेल शिक्षक शाह आलम खान ने किया। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय परिषद सदस्य राकेश त्रिपाठी, पूर्व जिला महामंत्री ओमप्रकाश मिश्र, वैष्णो ग्रुप संचालक धीरेन्द्र शुक्ला ‘मोनू’, खैराबाद सभासद आलोक बाजपेई, पूर्व प्राचार्य डॉ. जे.के. वर्मा के सुपुत्र डॉ. आलोक वर्मा सहित विद्यालय के सुनील कुमार सिंह, विपिन कुमार, डॉ. नन्दीश मिश्र, शिवमूर्ति, डॉ. पंकज कुमार, गरिमा सिन्हा, मितेश त्रिपाठी, स्मृति शुक्ला और श्रीशचन्द्र सिंह गौड़ मौजूद रहे। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी और छात्र भी उपस्थित रहे।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------