Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

गोंडा में ‘झिलमिल दिवाली धमाल’ का भव्य आयोजन, सरजू प्रसाद कन्या पाठशाला बनी चैंपियन; छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा

 

गोंडा: सरस्वती देवी नारी ज्ञानस्थली पीजी कॉलेज में 5 नवंबर को ‘झिलमिल दिवाली धमाल-प्रतिभा का महामुकाबला’ और ‘लोक लहरी 2026’ का आयोजन किया गया। इस दौरान गोंडा जिले के विभिन्न इंटर कॉलेजों और महाविद्यालयों की छात्राओं के लिए कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। अंत्याक्षरी, रंगोली, केश सज्जा और थाली सजावट जैसी प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। वहीं, लोकनृत्य के जरिए उत्तर प्रदेश की लोक संस्कृति की झलक भी देखने को मिली। सभी प्रतियोगिताओं में सर्वाधिक अंक हासिल करने वाली सरजू प्रसाद कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज की टीम को ‘झिलमिल दिवाली चैंपियन 2026’ की ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।

अंत्याक्षरी में एम्स इंटर कॉलेज ने हासिल किया पहला स्थान

कार्यक्रम की शुरुआत ‘सुरों की जंग’ अंत्याक्षरी प्रतियोगिता से हुई। इसमें सात इंटर कॉलेजों की टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में एम्स इंटर कॉलेज की टीम ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि सरजू प्रसाद कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज दूसरे स्थान पर रहा। एम्स इंटरनेशनल स्कूल और महर्षि विद्या मंदिर इंटर कॉलेज को संयुक्त रूप से तीसरा स्थान मिला।

प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में डॉ. आनन्दिता रजत, डॉ. नीलम छाबड़ा, डॉ. साधना गुप्ता, कंचनलता पाण्डेय, मानवेन्द्र श्रीवास्तव और आरजे आदनान की विशेष भूमिका रही।

रंगोली प्रतियोगिता में अभिधा और दिव्यांशी ने मारी बाजी

इसके बाद ‘रंगों की उड़ान’ रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें नौ इंटर कॉलेजों की टीमों ने प्रतिभाग किया। इसमें एम्स इंटरनेशनल स्कूल की अभिधा तिवारी और दिव्यांशी शुक्ला ने पहला स्थान प्राप्त किया। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की आफरीन बानो और अनुराधा यादव दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि भईया राघवराम इंटर कॉलेज की सना फातिमा को तीसरा स्थान मिला।

इस प्रतियोगिता के आयोजन में डॉ. सीमा श्रीवास्तव, डॉ. मौसमी सिंह और डॉ. नीतू सिंह की भूमिका रही।

केश सज्जा और थाली सजावट में भी दिखा हुनर

कार्यक्रम में ‘केश सज्जा का कमाल’ जूड़ा एवं हेयर स्टाइल प्रतियोगिता भी कराई गई। इसमें पांच इंटर कॉलेजों की टीमों ने हिस्सा लिया। ज्योति विद्या मंदिर की सना फातिमा ने पहला स्थान हासिल किया। एम्स इंटरनेशनल स्कूल की यसिका पटवा दूसरे और सरजू प्रसाद कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज की खुशबू तीसरे स्थान पर रहीं। प्रतियोगिता को संपन्न कराने में डॉ. रश्मि द्विवेदी, हिमांशी मिश्रा और स्नेहा पटवा ने योगदान दिया।

वहीं, ‘सजावट का जादू’ थाली सजावट प्रतियोगिता में सात इंटर कॉलेजों की टीमों ने भाग लिया। एम्स इंटर कॉलेज की समिष्ठा गुप्ता ने पहला, भईया राघवराम इंटर कॉलेज की खुशी ने दूसरा और सरजू प्रसाद कन्या इंटर कॉलेज की नैन्सी मौर्या ने तीसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता का आयोजन डॉ. अमिता श्रीवास्तव और डॉ. कुमकुम सिंह के निर्देशन में हुआ।

लोकगीतों और नृत्य ने बांधा समां

कार्यक्रम को मनोरंजक बनाने के लिए परिसर में विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए थे। छात्राओं और अन्य उपस्थित लोगों ने इनका आनंद लिया। इसके अलावा खेलों के स्टॉल और सेल्फी पॉइंट भी आकर्षण का केंद्र रहे। सेल्फी पॉइंट तैयार करने में अल्फिया और आर्या का विशेष योगदान रहा।

संगीत विभाग की शिक्षिकाओं डॉ. मनीषा सक्सेना, श्रीमती किरन पाण्डेय, प्रियंका तिवारी, गीता श्रीवास्तव, जया त्रिपाठी और सारिका ने अवधी लोकगीत प्रस्तुत किए। उनकी प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का मन मोह लिया।

लोक लहरी नृत्य प्रतियोगिता में योगा विभाग प्रथम

कार्यक्रम के अंतिम चरण में महाविद्यालय की छात्राओं के लिए ‘लोक लहरी’ नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसका उद्देश्य उत्तर प्रदेश के लोकनृत्य और संस्कृति से छात्राओं को परिचित कराना था। प्रतियोगिता में पांच समूहों ने हिस्सा लिया। योगा विभाग ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि शिक्षाशास्त्र विभाग दूसरे और संगीत विभाग तीसरे स्थान पर रहा। प्रतियोगिता को सफल बनाने में समता धनकानी की विशेष भूमिका रही।

महाविद्यालय की छात्रा श्रेया मिश्रा को ‘झिलमिल दिवाली स्टार’ का पुरस्कार दिया गया, जबकि अल्फिया को ‘डांस क्वीन’ का खिताब मिला।

प्राचार्या ने विजेताओं को मेडल पहनाकर किया सम्मानित

महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. आरती श्रीवास्तव ने सभी विजयी प्रतिभागियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया और उपस्थित लोगों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। पूरे कार्यक्रम का संचालन मोनिका श्रीवास्तव ने किया। समारोह का समापन महाविद्यालय की छात्राओं की डांडिया नृत्य प्रस्तुति के साथ हुआ।

कार्यक्रम में श्रीमती रंजना बन्धु, श्रीमती रोमा निगम, रेखा श्रीवास्तव, डॉ. आशू त्रिपाठी, सुनीता मिश्रा, सुनीता पाण्डेय, अनु उपाध्याय, डॉ. डी. कुमार, डॉ. विमला, सुषमा सिंह, सुबेन्दु वर्मा, वन्दना मिश्रा, प्रीती श्रीवास्तव, रोली श्रीवास्तव, ईला श्रीवास्तव, संध्या सिन्हा, वर्तिका श्रीवास्तव, अरविन्द कुमार पाठक, मंगली राम, विजय प्रकाश श्रीवास्तव, मनोज सोनी, तबरेज मन्सूरी, लक्ष्मी यादव, मेजर राजाराम, दिनेश मिश्रा, आशुतोष श्रीवास्तव, दिनेश श्रीवास्तव, कृष्ण कुमार श्रीवास्तव, ननकू, संतोष, रमेश, कमल और मुकेश सहित कई लोग उपस्थित रहे।

--------------------------------------------------------------------------------------------------- https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be