देशराज्य

दिल्ली में प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर बड़ा एक्शन, पहले ही दिन 68.4 लाख का जुर्माना; 1,539 गाड़ियों को सीमा से लौटाया

नई दिल्ली: दिल्ली में वायु प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। शीतकालीन कार्ययोजना लागू होने के पहले ही दिन प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के खिलाफ बड़े स्तर पर कार्रवाई की गई। इस दौरान करीब 15 हजार वाहनों की जांच हुई और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कुल 68.4 लाख रुपये का जुर्माना और पर्यावरण क्षतिपूर्ति शुल्क लगाया गया। वहीं, सीमावर्ती इलाकों से 1,539 वाहनों को वापस भेज दिया गया।

पीयूसीसी नियमों के उल्लंघन पर 566 वाहनों के चालान

रविवार शाम पांच बजे तक जारी आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसीसी) के नियमों का पालन नहीं करने वाले 566 वाहनों के चालान काटे गए। इस मद में कुल 56.6 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा सीमा पर प्रवेश से जुड़े प्रतिबंधों का उल्लंघन करने पर दो लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।

निर्माण और तोड़फोड़ के उल्लंघन पर भी कार्रवाई

प्रदूषण नियंत्रण अभियान के तहत निर्माण और तोड़फोड़ से जुड़े नियमों की अनदेखी करने वालों पर भी कार्रवाई की गई। इन उल्लंघनों के लिए 9.8 लाख रुपये का पर्यावरण क्षतिपूर्ति शुल्क लगाया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य राजधानी में प्रदूषण के स्तर को नियंत्रित करना और पर्यावरण संबंधी नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करना है।

गैर-बीएस-6 वाहनों की सीमा पर हुई जांच, 62 जब्त

दिल्ली के बाहर पंजीकृत ऐसे वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है, जो भारत स्टेज-6 (बीएस-6) उत्सर्जन मानकों के अनुरूप नहीं हैं। इस नियम को लागू कराने के लिए दिल्ली यातायात पुलिस और परिवहन विभाग ने संयुक्त रूप से 14,930 वाहनों की जांच की। इनमें से करीब 10.31 प्रतिशत वाहनों को दिल्ली की सीमा से ही वापस लौटा दिया गया। कार्रवाई के दौरान 127 चालान जारी किए गए, जबकि 62 वाहनों को जब्त किया गया।

 

--------------------------------------------------------------------------------------------------- https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be