दिवाली की रात देशभर में आग की घटनाओं से मचा हड़कंप, ठाणे में 50 लोगों का रेस्क्यू; उज्जैन में बुजुर्ग समेत 3 को बचाया
नई दिल्ली: दिवाली की रात देश के कई राज्यों में आग लगने की घटनाओं ने अफरा-तफरी मचा दी। महाराष्ट्र के मुंबई, ठाणे, नागपुर, नवी मुंबई और पुणे के अलावा दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, गुजरात और ओडिशा से भी आग लगने की खबरें सामने आईं। कहीं रिहायशी इमारतों में लोग धुएं के बीच फंस गए तो कहीं कारखाने, गोदाम और शोरूम आग की चपेट में आ गए। ठाणे में दमकलकर्मियों ने 50 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला, जबकि उज्जैन में तीन लोगों को बचाया गया। नागपुर में आग लगने की वजह पटाखों को बताया जा रहा है। कई घटनाओं में नुकसान का पूरा ब्योरा अभी सामने नहीं आया है।महाराष्ट्र में कई जगह आग, ठाणे में 50 लोगों को सुरक्षित निकाला
महाराष्ट्र में दिवाली की रात आग लगने की कई घटनाएं हुईं। ठाणे के रहेजा गार्डन आवासीय परिसर की आठवीं, नौवीं और दसवीं मंजिल पर आग लग गई। इमारत में धुआं फैलने के कारण कई लोग अंदर फंस गए। घटना की जानकारी मिलने पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
उन्होंने बताया कि दमकल विभाग और टीडीआर टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर 50 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। बचाव कार्य में ड्रोन की मदद भी ली गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी की मौत नहीं हुई।
मुंबई के डोंगरी इलाके में हाजी कासम चॉल के एक गैराज में आग लग गई। वहीं, नवी मुंबई के सेक्टर-21 स्थित तुर्भे शॉपिंग सेंटर में भी आग की घटना सामने आई। पुणे के वडगांव शेरी में एक अपार्टमेंट और फुरसुंगी इलाके के गोदाम में आग लगी। उधर, नागपुर के सावरकर नगर स्थित साईं डायनेमिक्स टीवीएस शोरूम में कथित तौर पर पटाखों के कारण आग लग गई। इस घटना में कई दोपहिया वाहन जल गए।
दिल्ली के नरेला में रबर फैक्टरी आग की चपेट में
राजधानी दिल्ली के नरेला औद्योगिक क्षेत्र में रात करीब 8 बजकर 33 मिनट पर एक रबर फैक्टरी में आग लग गई। सूचना मिलते ही दिल्ली दमकल सेवा ने सात गाड़ियां घटनास्थल पर भेजीं। दमकलकर्मियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग पर काबू पाने के बाद वहां ठंडा करने का काम जारी था। फिलहाल आग लगने की वजह, संपत्ति के नुकसान और किसी के घायल होने को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
उज्जैन में इमारत में लगी आग, बुजुर्ग समेत तीन लोगों को बचाया
मध्य प्रदेश के उज्जैन में देवास रोड स्थित नागझिरी इलाके में विश्वकर्मा हार्डवेयर की इमारत में रात करीब 10 से 10:15 बजे के बीच आग लग गई। सूचना मिलने पर चार दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं।
जिला कलेक्टर रोशन कुमार सिंह के मुताबिक, दमकलकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। नगर पुलिस अधीक्षक श्वेता गुप्ता ने बताया कि पुलिस और दमकल टीम ने दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके अलावा तीसरी मंजिल पर फंसे एक बुजुर्ग को भी बचाया गया। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
देवास में पुरानी लकड़ी की इमारत में लगी आग

देवास के जवाहर चौक स्थित स्थानीय सब्जी मंडी के पास एक पुरानी लकड़ी की इमारत में भी आग लग गई। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। देवास नगर निगम के दमकल अधिकारी जितेंद्र सिसोदिया ने बताया कि शहर में एक ही दिन में करीब तीन स्थानों पर आग लगने की घटनाएं हुईं। शुरुआती आशंका जताई गई कि इन घटनाओं के पीछे पटाखे वजह हो सकते हैं। नगर निगम की ओर से सतर्कता बरती जा रही है और अलग-अलग स्थानों पर दमकल गाड़ियां तैनात की गई हैं।
लखनऊ में कबाड़ कारोबारी के गोदाम में लगी आग
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के आशियाना थाना क्षेत्र स्थित छोटा देवी खेड़ा गांव में एक कबाड़ कारोबारी के गोदाम में आग लग गई। सूचना मिलने के बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। फिलहाल आग लगने की वजह और गोदाम में रखे सामान को हुए नुकसान का पूरा ब्योरा सामने नहीं आया है। घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की पुष्टि भी नहीं हुई है।
भुवनेश्वर के रेशम उत्पादन कार्यालय में आग
ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के शिखरचंडी इलाके में स्थित रेशम उत्पादन कार्यालय में आग लगने की घटना सामने आई। सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। फिलहाल आग लगने के कारण और इससे हुए नुकसान की जानकारी उपलब्ध नहीं है। किसी के घायल होने की भी पुष्टि नहीं हुई है।
गुजरात के सुरेंद्रनगर में रिहायशी मकान में लगी आग
गुजरात के सुरेंद्रनगर में डाल रोड स्थित विजय सोसाइटी के एक मकान में आग लग गई। घटना की सूचना मिलने पर दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। फिलहाल आग लगने की वजह और मकान में हुए नुकसान का पता नहीं चल पाया है। इस घटना में किसी के घायल होने या जान जाने की खबर भी सामने नहीं आई है।
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be
