Saturday, March 28, 2026
Latest:
उत्तर प्रदेश

पूनरपुर वासियों को मिली पुल की सौगात, 180 किमी0 की दूरी मात्र 70 किमी0 में तय करेंगे। क्षेत्रवासियों द्वारा आयुक्त बरेली मण्डल के समक्ष रखी गई थी समस्या

बरेली ,12 अगस्त। जनपद पीलीभीत की पूरनपुर तहसील में पूरनपुर- धौरी- कंचनपुर मार्ग के निकट मार्ग पर आयुक्त, बरेली मण्डल के प्रयासों से शारदा नदी पर सेतु बनाया जायेगा। शारदा पार के निवासियों को बरसात के मौसम में 180 किमी0 की दूरी तय करके जनपद मुख्यालय तक आना पड़ता था, इसके साथ-साथ नदी सेतु के अभाव में क्षेत्रवासियों को चिकित्सा, शिक्षा आदि मूलभूत सेवाओं के लिए भी कठिनाईयों का सामना करना पड़ता था। उक्त मार्ग पर कोई सेतु न होने के कारण सूखे के मौसम में लगभग 300.00 मी0 एवं 80.00 मी0 लम्बाई के दो पीपे के पुलों का लो0नि0वि0 द्वारा प्रति वर्ष निर्माण किया जाता था, जिस पर आवागमन होता था। दोनों पीपों के पुलों के बीच की दूरी लगभग 2.00 किमी0 पड़ती है। लो0नि0वि0 द्वारा वर्षा ऋतु में पीपे का पुल हटा लिया जाता था। अतः मार्ग पुरी तरह अवरूद्ध हो जाता था, जिस कारण क्षेत्रीय जनता को काफी परेशानी उठानी पड़ती थी तथा क्षेत्रवासी लगभग 180 कि0मी0 घूमकर जिला मुख्यालय पहुंच पाते थे। सेतु निर्माण से यह दूरी मात्र 70 कि0मी0 रह जायेगी। प्रस्तावित सेतु निर्माण होने से ग्राम हजारा, भरतपुर, अशोकनगर, अयोध्यापुरी, चंदननगर, लक्ष्मणनगर, नेहरूनगर, रामनगर, विनोवानगर, राघवपुरी, धर्मपुरी आदि लगभग 80-85 गाँव जिनकी आबादी लगभग 2.50 लाख होगी, लाभान्वित होंगे।
आयुक्त, बरेली मण्डल द्वारा बताया गया कि पूरनपुर-धौरी-कंचनपुर मार्ग पर प्रस्तावित सेतु की कार्यदायी संस्था उ0प्र0 राज्य सेतु निगम, लि0 होगी। सेतु निगम द्वारा नदी सेतु, पहुंच मार्ग, अतिरिक्त पहुंच मार्ग एवं सुरक्षात्मक कार्य के निर्माण का विस्तृत प्रारम्भिक अंगणन तैयार कर लिया गया है। उक्त कार्य हेतु कुल लागत 30633.61 लाख रू0 होगी, इसमे 02 लेन का प्रावधान किया गया है।

आयुक्त, बरेली मण्डल द्वारा दिनांक 20-07-2023 को तहसील पूरनपुर में थाना हजारा क्षेत्र के ग्राम पंचायत वमनपुर भगीरथ, विकास खण्ड पूरनपुर का भ्रमण कर क्षेत्रवासियों से संवाद कर उनकी समस्याओं को जाना गया था। उपस्थित क्षेत्रवासियो द्वारा इस पुल का निर्माण कराये जाने का अनुरोध किया था। जिस पर आयुक्त महोदया द्वारा उनको नदी पर सेतु बनाये जाने का आश्वासन दिया गया था। 01 माह से भी कम समय में ही अपने आश्वासन के अनुरूप सेतु निर्माण का अंगणन तैयार करा लिया गया है।
आयुक्त महोदया द्वारा बताया गया कि उ0प्र0 सरकार एवं उनका लक्ष्य है कि सुदूर क्षेत्र में रहने वाले अंतिम व्यक्ति तक आज के आधुनिक संसाधन/सुविधा पहुंचे एवं उनका सर्वांगीण विकास हो सके तथा कोई शोषित-वंचित न रहे। बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------