राज्य

बिहार के बड़े पुल को मिला नीतीश कुमार का नाम, अब कहलाएगा ‘नीतीश सेतु’; 21 नवंबर को PM मोदी करेंगे उद्घाटन

पटना: बिहार में कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर के बीच बने छह लेन के पुल को लेकर बड़ा ऐलान हुआ है। राज्य सरकार ने इस पुल का नाम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर ‘नीतीश सेतु’ रखने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इसकी आधिकारिक जानकारी दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को वैशाली दौरे के दौरान इस पुल को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। सरकार के इस फैसले से जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) में खुशी का माहौल है।

सीएम सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पर किया ऐलान

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार पहुंचेंगे। इस दौरान वह कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर छह लेन पुल का उद्घाटन करेंगे। राज्य सरकार ने इस पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखा है।

प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान राजापाकर में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न जनोपयोगी और विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी करेंगे। पुल का नामकरण पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर किए जाने को बिहार के विकास में उनके योगदान से जोड़कर देखा जा रहा है।

नीतीश सेतु के नामकरण पर जेडीयू ने जताई खुशी

सरकार के इस फैसले का जेडीयू नेताओं ने स्वागत किया है। पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और मंत्री विजय चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति आभार जताया है।

संजय झा ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार के विकास के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया है। ऐसे में इस महत्वपूर्ण पुल का नाम उनके नाम पर रखा जाना पार्टी के लिए गौरव और प्रतिष्ठा की बात है। उन्होंने कहा कि जेपी सेतु के बाद अब बिहार को नीतीश सेतु मिलने जा रहा है।

संजय झा के मुताबिक, नीतीश कुमार इस पुल के निर्माण को लेकर लगातार सजग रहते थे। वह समय-समय पर निर्माण स्थल का निरीक्षण करते थे और काम की प्रगति के साथ उसकी गुणवत्ता पर भी नजर रखते थे। उन्होंने इस पुल को उत्तर बिहार का प्रवेश द्वार बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया।

9.76 किलोमीटर लंबा पुल, पटना और वैशाली के बीच आसान होगा सफर

कच्ची दरगाह से वैशाली जिले के बिदुपुर तक बना यह पुल करीब 9.76 किलोमीटर लंबा है। इसके साथ लगभग 10 किलोमीटर का संपर्क मार्ग भी परियोजना में शामिल है। पुल के शुरू होने से पटना जिले के कच्ची दरगाह और वैशाली के बिदुपुर के बीच आवागमन आसान होगा। साथ ही राघोपुर दियारा के लोगों को भी बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा।

इस पुल के चालू होने से गांधी सेतु और जेपी सेतु पर वाहनों का दबाव कम होने की उम्मीद है। इससे उत्तर बिहार से पटना आने-जाने वाले लोगों को जाम से राहत मिल सकती है और यात्रा का समय भी घटेगा। परियोजना के निर्माण पर 500 करोड़ रुपये से अधिक खर्च हुए हैं।

2015 में नीतीश कुमार ने किया था शिलान्यास

इस पुल की आधारशिला अगस्त 2015 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रखी थी। अब करीब 11 साल बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके नाम पर रखे गए इस पुल को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। नामकरण और उद्घाटन को बिहार की राजनीति में भी अहम घटनाक्रम माना जा रहा है। खासकर एनडीए के भीतर जेडीयू और भाजपा के संबंधों के लिहाज से इस फैसले पर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------   https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be