Wednesday, September 16, 2026
Latest:
उत्तर प्रदेश

मुजफ्फरनगर में मां-बेटे की दर्दनाक मौत, पहले बेटे ने खाया जहर फिर बुजुर्ग मां ने भी उठाया खौफनाक कदम; पारिवारिक कलह में गईं दो जानें

मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में पारिवारिक कलह के चलते मां-बेटे की मौत का दर्दनाक मामला सामने आया है। बताया गया कि विवाद के बाद 50 वर्षीय बेटे जितेंद्र शर्मा ने घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया। बेटे को जहर खाते देख उसकी 80 वर्षीय मां सुशीला ने भी जहरीला पदार्थ खा लिया। दोनों की हालत बिगड़ने पर पड़ोसियों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान मां-बेटे की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने पुलिस कार्रवाई से इनकार कर दिया है।

यह घटना नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के शांतिनगर मोहल्ले की है। मूल रूप से शामली के रहने वाले जितेंद्र शर्मा पिछले करीब 20 साल से अपनी बुजुर्ग मां सुशीला के साथ यहां रह रहे थे। जितेंद्र अविवाहित थे। थाना प्रभारी आनंद देव मिश्रा के अनुसार, जितेंद्र नशे के आदी थे।

मौसी से पैसे मांगने को लेकर हुआ था विवाद

पुलिस के मुताबिक, सोमवार को जितेंद्र अपनी मौसी से पैसे मांग रहे थे। इसी बात को लेकर उनका अपनी मां से विवाद हो गया। मां ने बेटे को मौसी से पैसे मांगने पर डांट दिया। इससे क्षुब्ध होकर जितेंद्र ने घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया। बेटे को ऐसा करते देख उसकी बुजुर्ग मां ने भी जहरीला पदार्थ खा लिया।

कुछ देर बाद दोनों की हालत बिगड़ने लगी। पड़ोसियों को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने एंबुलेंस की मदद से दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उपचार के दौरान मां-बेटे को मृत घोषित कर दिया।

परिवार में चल रहा था समारोह, मातम में बदली खुशियां

-------------------------------------------------------------------------------------------

जिस समय यह घटना हुई, उस दौरान शामली में परिवार और रिश्तेदार एक पारिवारिक समारोह में जुटे हुए थे। परिवार में खुशियों का माहौल था, लेकिन शाम होते-होते मुजफ्फरनगर से मां-बेटे की मौत की खबर पहुंची तो समारोह की खुशियां मातम में बदल गईं।

सूचना मिलते ही शामली में मौजूद परिजन मुजफ्फरनगर के लिए रवाना हो गए। उनके पहुंचने के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां और बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।

पुलिस कार्रवाई से परिजनों ने किया इनकार

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। देर शाम पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए। परिजनों ने मामले में किसी तरह की पुलिस कार्रवाई कराने से इनकार कर दिया। पुलिस ने लिखापढ़ी पूरी करने के बाद शव परिवार के सुपुर्द कर दिए।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------