रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय,भाषाविज्ञान संकाय की नवनियुक्त डीन प्रो.अनीता त्यागी का लखनऊ ट्रिब्यून से विशेष साक्षात्कार
बरेली, 11 अक्टूबर । रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय, भाषाविज्ञान संकाय की नवनियुक्त डीन प्रो. अनीता त्यागी ने लखनऊ ट्रिब्यून से विशेष साक्षात्कार में संकाय को बहुभाषिक शिक्षा, उच्च गुणवत्ता वाले अध्यापन और वैश्विक अवसरों के केंद्र के रूप में स्थापित करने की अपनी भावी कार्ययोजना साझा की। उन्होंने कहा कि वर्तमान में संकाय के अंग्रेजी भाषा के स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम के अलावा, बहुभाषी केंद्र के अंतर्गत 18 पाठ्यक्रम स्वीकृत हैं, जिनमें 5 स्नातकोत्तर, 10 डिप्लोमा, 1 पीजी डिप्लोमा और 2 प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम स्वीकृत हैं जिनमे से 2 स्नातकोत्तर, 4 डिप्लोमा, 1 पीजी डिप्लोमा तथा अंग्रेजी विभाग में एक स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम , संकाय द्वारा संचालित किये जा रहे हैं। भविष्य में अन्य स्वीकृत पाठ्यक्रमों को भी चरणबद्ध रूप से शुरू किया जाएगा तथा संकाय की अन्य अकादमिक गतिविधियों का भी विस्तार किया जाएगा।
प्रो. त्यागी ने बताया कि मंदारिन, फ्रेंच, स्पेनिश और जर्मन जैसे विदेशी भाषा पाठ्यक्रमों को दो वर्षीय उन्नत कार्यक्रमों के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि विद्यार्थी A1-A2 से आगे B1 और B1+ स्तर तक भाषा दक्षता प्राप्त कर सकें। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की बहुभाषिक शिक्षा की भावना के अनुरूप प्रशिक्षित भाषा शिक्षकों की उपलब्धता, शिक्षक प्रशिक्षण, शोध, अंतरराष्ट्रीय सहयोग तथा भाषा शिक्षा को रोजगारपरक अवसरों से जोड़ने पर भी विशेष बल दिया जाएगा। उनका लक्ष्य भारतीय एवं विदेशी भाषाओं को एकीकृत करते हुएन विश्वविद्यालय में एक सुदृढ़ और आधुनिक बहुभाषिक अकादमिक केंद्र विकसित करना है।
नवीन दायित्व के लिए उन्होंने माननीय कुलपति प्रो. अनिल कुमार राय जी के प्रति आभार व्यक्त किया और निष्ठा पूर्ण दायित्व निर्वाहन करने का विश्वास भी दिया है l
प्रो. अनीता त्यागी वर्ष 2020 से मानविकी विभाग की विभागाध्यक्ष तथा वर्तमान में अनुप्रयुक्त अंग्रेजी विभाग की प्रभारी विभागाध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं।
30 से अधिक वर्षों के शिक्षण तथा 15 वर्षों से अधिक वर्षों के शोध अनुभव के साथ साथ वे 10 से अधिक पुस्तकों की लेखिका हैं। अपने दीर्घ अकादमिक अनुभव के दौरान उन्होंने विभिन्न विषयों पर शोध एवं लेखन कार्य किया है जिसमें महिला शिक्षा एवं महिला सशक्तिकरण मुख्य रूप से शामिल रहें है। समाज में भी वह सक्रिय रूप से भूमिका निभाती रहती हैं तथा महिला उत्थान के लिए निरंतर प्रयासरत रहती हैं।
प्रो. अनीता त्यागी विश्वविद्यालय के विभिन्न महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं अकादमिक दायित्वों से भी जुड़ी रही हैं। वे पं. राधेश्याम शर्मा कथावाचक शोधपीठ, प्री-पी.एचडी. कोर्सवर्क (भाषा) एवं दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा केंद्र में हिंदी विषय की समन्वयक के पद पर कार्यरत हैं । उनके व्यापक शिक्षण, शोध एवं प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए भाषाविज्ञान संकाय के डीन के रूप में उनका अनुभव संकाय के अकादमिक विस्तार, नए पाठ्यक्रमों के विकास तथा भारतीय एवं विदेशी भाषाओं के अध्ययन को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

