राज्य

अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी का शाही जश्न शुरू, दामाद को देंगे करोड़ों की डिफेंडर; बेटे के जनेऊ पर BMW का तोहफा

पटना: मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी की रस्में शुक्रवार से शुरू हो रही हैं। शादी को लेकर परिवार में भव्य तैयारियां की गई हैं। आज अनंत सिंह अपने होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार को फलदान देंगे और तिलक चढ़ाएंगे। इस मौके पर बड़ी संख्या में रिश्तेदारों और मेहमानों के जुटने की तैयारी है। तिलक में दामाद को करोड़ों रुपये कीमत की डिफेंडर कार दिए जाने की भी चर्चा है।

छोटे सरकार के नाम से चर्चित अनंत सिंह की बेटी की शादी वैदिक रीति-रिवाज से उनके पैतृक गांव नदवां में होगी, जो बाढ़ में स्थित है। शुक्रवार को फलदान और तिलक की रस्म पटना से पूरी की जाएगी। इसमें ऋषिकेश कुमार को फल, मिठाई, बर्तन, फर्नीचर, जेवर, कपड़े और गाड़ी दी जाएगी। बेटी की शादी के साथ अनंत सिंह के बेटे अभिनव सिंह का उपनयन संस्कार यानी जनेऊ भी होना है।

23 नवंबर को हल्दी, 24 को मेहंदी और संगीत

शादी समारोह के अगले चरण में 23 नवंबर, सोमवार को हल्दी कलश की रस्म होगी। इस दौरान शिवांगी और उनके भाई अभिनव को हल्दी लगाई जाएगी। इस मौके पर भोज का भी आयोजन किया जाएगा।

इसके अगले दिन 24 नवंबर, मंगलवार को मेहंदी और संगीत का कार्यक्रम रखा गया है। इस दौरान गीत-संगीत के साथ पार्टी होगी। शिवांगी के हाथों में लग्न की मेहंदी लगाई जाएगी। परिवार की अन्य महिलाओं और रिश्तेदारों के लिए भी मेहंदी की व्यवस्था की गई है। इसके लिए प्रशिक्षित कलाकारों को बुलाया गया है।

25 नवंबर को पहुंचेगी बारात, 100 फीट का होगा जयमाला मंच

25 नवंबर को ऋषिकेश कुमार बिहटा से बारात लेकर नदवां पहुंचेंगे। शाम को भव्य मंच पर शिवांगी और ऋषिकेश एक-दूसरे को वरमाला पहनाकर जीवनसाथी के रूप में स्वीकार करेंगे। जयमाला के लिए जयपुर के कलाकार करीब 100 फीट लंबा और 30 फीट चौड़ा मंच तैयार कर रहे हैं। मंच और पंडाल को विदेशों से मंगाए गए फूलों से सजाया जाएगा।

इसी दिन शादी से पहले अनंत सिंह के बेटे अभिनव सिंह का उपनयन संस्कार भी होगा। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उन्हें विधिवत जनेऊ धारण कराया जाएगा। इस अवसर पर अनंत सिंह बेटे को उपहार में बीएमडब्ल्यू कार देने वाले हैं।

शादी में घुड़दौड़, विजेता को मिलेगी थार

शादी समारोह के दौरान 25 नवंबर को घुड़दौड़ का आयोजन भी किया जाएगा। इसके लिए करीब आठ बीघा जमीन पर रेस का मैदान तैयार किया जा रहा है। देश के अलग-अलग हिस्सों से घोड़ा प्रेमी अपने घोड़ों के साथ पहुंच रहे हैं। कई घोड़े नदवां पहुंच चुके हैं। उनके ठहरने और खाने-पीने की व्यवस्था विधायक की ओर से की गई है।

घुड़दौड़ के विजेताओं के लिए आकर्षक इनाम रखे गए हैं। प्रथम स्थान हासिल करने वाले को थार गाड़ी दी जाएगी, जबकि दूसरे स्थान पर आने वाले को बाइक और तीसरे स्थान के विजेता को स्कूटी पुरस्कार में मिलेगी।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------   https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be