आईवीआरआई द्वारा एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, एंटीबायोटिक दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग पर दिया जोर

बरेली,24 नवंबर। विश्व एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस जागरूकता सप्ताह (WAAW-2026) के अंतर्गत सोमवार को अल-मदार पब्लिक स्कूल, सीबी गंज, बरेली में स्कूली बच्चों के लिए एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (AMR) विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर)-भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई), इज्जतनगर के पशु चिकित्सा जनस्वास्थ्य विभाग के वैज्ञानिकों द्वारा संयुक्त निदेशालय, प्रसार शिक्षा के सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन डॉ. रूपसी तिवारी, संयुक्त निदेशक (प्रसार शिक्षा) तथा डॉ. बबलू कुमार, विभागाध्यक्ष, पशु चिकित्सा जनस्वास्थ्य विभाग के मार्गदर्शन में अखिल भारतीय नेटवर्क परियोजना (AINP-AMRFL) के अंतर्गत किया गया।
उल्लेखनीय है कि विश्व एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस जागरूकता सप्ताह प्रत्येक वर्ष 18 से 24 नवंबर तक विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के समन्वय से मनाया जाता है। इसका उद्देश्य एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस के प्रति वैश्विक स्तर पर जागरूकता बढ़ाना तथा एंटीमाइक्रोबियल दवाओं के जिम्मेदार एवं विवेकपूर्ण उपयोग को प्रोत्साहित करना है। वर्ष 2026 की थीम वन हेल्थ, वन एक्शन: AMR को अभी रोकें के माध्यम से मानव, पशु एवं पर्यावरण स्वास्थ्य क्षेत्रों के बीच समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया गया है।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. हिमानी धांझे एवं डॉ. श्रीनिवास ने विद्यालय के 36 विद्यार्थियों तथा 8 शिक्षकों के साथ संवाद स्थापित कर एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस के बढ़ते वैश्विक खतरे के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एंटीबायोटिक दवाओं का अनावश्यक एवं अनुचित उपयोग उनके प्रभाव को कम कर सकता है तथा भविष्य में सामान्य संक्रमणों का उपचार भी कठिन बना सकता है।

वैज्ञानिकों ने विद्यार्थियों को बिना चिकित्सकीय परामर्श के एंटीबायोटिक दवाओं का सेवन न करने, केवल योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ की सलाह पर दवाएं लेने, निर्धारित खुराक एवं उपचार अवधि का पूरा पालन करने तथा बची हुई एंटीबायोटिक दवाओं को न तो दूसरों के साथ साझा करने और न ही स्वयं दोबारा उपयोग करने के लिए जागरूक किया।
जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस तथा एंटीबायोटिक दवाओं के उचित उपयोग से संबंधित सूचनात्मक पत्रक भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की गई तथा उन्हें बताया गया कि व्यक्तिगत स्तर पर अपनाई जाने वाली छोटी-छोटी सावधानियां भी एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों में एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस के प्रति जागरूकता विकसित करना, एंटीबायोटिक दवाओं के जिम्मेदार उपयोग की आदत को प्रोत्साहित करना तथा मानव, पशु और पर्यावरण के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए वन हेल्थ की अवधारणा को जनसामान्य तक पहुंचाना था। बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be
