Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

एमजेपी रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय में कृषि संकाय के छात्र-छात्राओं ने धूमधाम से मनाया शिक्षक दिवस


बरेली 06 सितम्बर। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली के कृषि संकाय में शिक्षक दिवस के अवसर पर छात्र-छात्राओं द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ शिक्षक दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष पुष्प अर्पित एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर कृषि संकायाध्यक्ष प्रोफेसर उपेंद्र कुमार ने शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षक और छात्र-छात्राओं के बीच गहरा एवं आत्मीय संबंध होता है। शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान करने का कार्य नहीं करते, बल्कि उनके जीवन में मार्गदर्शक एवं प्रेरणास्रोत की भूमिका भी निभाते हैं।
कार्यक्रम में कृषि संकाय के प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। गीत एवं नृत्य की प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर कृषि संकाय को छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक ढंग से सजाया गया था। विद्यार्थियों ने संकाय के सभी शिक्षकों के सम्मान में स्वयं द्वारा तैयार की गई विशेष ग्रीटिंग कार्ड भी भेंट किए।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर अनिल कुमार राय ने छात्र-छात्राओं को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। अपने आशीर्वचन में उन्होंने कहा कि शिक्षक बच्चों के भविष्य के निर्माता होते हैं। परिवार के बाद शिक्षक ही विद्यार्थियों के सच्चे हितैषी और मार्गदर्शक होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षकों के प्रति सम्मान की भावना बनाए रखने तथा उनके मार्गदर्शन से अपने जीवन में निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कृषि संकाय के डॉ. गुफरान खान, डॉ. विनय वर्मा, श्री अनिल साहनी, डॉ. सहदेव, डॉ. अनुज, डॉ. अभिषेक एवं डॉ. दामिनी सिंह सहित अन्य शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन ईशिता पांडे और नितिन गंगवार द्वारा किया गया ।कार्यक्रम संयोजन में अखिलेश , लक्षित जोशी , निहारिका यादव और ऋषभ बेनीवाल की विशेष भूमिका रही। समारोह का समापन शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के बीच सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

-------------------------------------------------------------------------------------------
---------------------------------------------------------------------------------------------------