Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

एम्स रायबरेली में बी.एससी. (ऑनर्स) नर्सिंग एवं एलाइड एंड हेल्थकेयर के बैच-2026 के लिए दीप प्रज्ज्वलन, शपथ ग्रहण एवं पिन-अप समारोह का आयोजन

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), रायबरेली के कॉलेज ऑफ नर्सिंग द्वारा बी.एससी. (ऑनर्स) नर्सिंग एवं एलाइड एंड हेल्थकेयर के चौथे बैच के विद्यार्थियों के लिए दीप प्रज्ज्वलन, शपथ ग्रहण एवं पिन-अप समारोह का आयोजन किया गया। यह समारोह नर्सिंग एवं एलाइड एंड हेल्थकेयर के क्षेत्र में विद्यार्थियों की सेवा, समर्पण एवं प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यकारी निदेशक प्रो. (डॉ.) अमिता जैन द्वारा पारंपरिक रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। पिन-अप समारोह की अध्यक्षता परीक्षा अधिष्ठाता प्रो. (डॉ.) प्रगति गर्ग ने की। यह समारोह विद्यार्थियों के व्यावसायिक जीवन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। इस अवसर पर नवप्रवेशी नर्सिंग विद्यार्थियों को गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप की ज्योति प्रदान की गई, जो उनके सेवा एवं समर्पण के साथ चिकित्सा क्षेत्र में प्रवेश का प्रतीक है।

कार्यकारी निदेशक प्रो. (डॉ.) अमिता जैन ने अपने संबोधन में फ्लोरेंस नाइटिंगेल के ऐतिहासिक योगदान का उल्लेख करते हुए नर्सिंग के क्षेत्र में दीप के प्रतीकात्मक महत्व को समझाया। उन्होंने विद्यार्थियों को उनके द्वारा चुने गए सेवा क्षेत्र के प्रति निष्ठा, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने नर्सिंग शपथ ग्रहण करते हुए निःस्वार्थ सेवा, करुणा, संवेदनशीलता तथा समाज के प्रति समर्पण के मूल्यों को बनाए रखने का संकल्प लिया। कॉलेज ऑफ नर्सिंग के प्रधानाचार्य श्री नरेंद्र पाल सिंह चौधरी ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए रोगियों की देखभाल में उनकी भूमिका एवं जिम्मेदारियों के महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में प्रो. (डॉ.) अर्चना वर्मा, अधिष्ठाता (अनुसंधान), उप-निदेशक (प्रशासन) कर्नल अखिलेश सिंह, डॉ. सदाशिव, नोडल अधिकारी (एलाइड एंड हेल्थ साइंसेज), डॉ. सौरभ पाल, अपर कुलसचिव, डॉ. ए. विजय बाबू, सह-नोडल अधिकारी (एलाइड एंड हेल्थ साइंसेज), श्री अरविंद शुक्ला, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, मेजर अंजना सिंह तथा नर्सिंग संकाय के सदस्य उपस्थित रहे।

---------------------------------------------------------------------------------------------------   https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be