Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

डायट गोंडा में पीबीएल प्रशिक्षण के प्रथम बैच का समापन


गोंडा। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), गोंडा में बुधवार को प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग (PBL) प्रशिक्षण के प्रथम बैच का समापन हुआ। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को अधिक प्रभावी, व्यावहारिक, रचनात्मक एवं विद्यार्थी केंद्रित बनाने के विभिन्न तरीकों से परिचित कराया गया।प्रशिक्षण डायट प्राचार्य राम सागर पति त्रिपाठी, डायट प्रवक्ता ओंकार चौधरी, ज्ञान बहादुर पासी, अर्जुन प्रसाद वर्मा एवं द्विवेदी सर के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में संदर्भदाता सुनील कुमार आनन्द (स्टेट अवॉर्डी टीचर), विवेक पाठक, धर्मेंद्र कुमार सिंह, जय प्रकाश यादव, अनिल कुमार पाण्डेय एवं चन्द्रशेखर तिवारी ने विभिन्न गतिविधियों, समूह कार्यों, परियोजनाओं एवं व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से प्रतिभागियों को पीबीएल की अवधारणा एवं उपयोगिता समझाई।
प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग (PBL) शिक्षण की ऐसी विधि है, जिसमें विद्यार्थी किसी वास्तविक जीवन से जुड़ी समस्या, प्रश्न अथवा विषय पर परियोजना के माध्यम से कार्य करते हुए ज्ञान एवं कौशल अर्जित करते हैं। इस प्रक्रिया में विद्यार्थी केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं रहते, बल्कि खोज, अवलोकन, प्रयोग, चर्चा, सहयोग, समस्या समाधान एवं रचनात्मक चिंतन के माध्यम से सीखते हैं।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को परियोजना चयन, समस्या की पहचान, प्रश्न निर्माण, गतिविधियों की योजना, संसाधनों का उपयोग, समूह सहभागिता, परियोजना निर्माण, प्रस्तुतीकरण एवं मूल्यांकन जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई। विभिन्न रोचक गतिविधियों के माध्यम से प्रशिक्षण को सहभागितापूर्ण एवं प्रभावी बनाया गया।प्रशिक्षकों ने बताया कि पीबीएल के माध्यम से कक्षा शिक्षण को जीवन से जोड़ने, विद्यार्थियों में जिज्ञासा, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, सहयोगात्मक भावना, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास एवं 21वीं सदी के आवश्यक कौशलों का विकास किया जा सकता है। यह पद्धति बच्चों को करके सीखने, अपनी समझ विकसित करने तथा वास्तविक समस्याओं के समाधान खोजने के लिए प्रेरित करती है।प्रथम बैच के समापन पर प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण के अनुभव साझा करते हुए इसे शिक्षण कार्य में उपयोगी एवं नवाचारपूर्ण बताया। प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान एवं कौशल को विद्यालयों में लागू करने तथा विद्यार्थियों को परियोजना आधारित गतिविधियों के माध्यम से सीखने के बेहतर अवसर प्रदान करने का संकल्प लिया गया।
पीबीएल प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यालयों में शिक्षण को केवल पाठ्यपुस्तक तक सीमित न रखकर, अनुभव, प्रयोग, खोज एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करना है।

---------------------------------------------------------------------------------------------------   https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be