राज्य

देहरादून में मौत बनकर आई तेज रफ्तार! गहरी खाई में गिरी बोलेरो, 2 साल की बच्ची समेत दो की दर्दनाक मौत, 5 घायल

देहरादून: उत्तराखंड के देहरादून जिले के कालसी क्षेत्र में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हिमाचल प्रदेश से लौट रही बोलेरो अनियंत्रित होकर हरिपुर-कोटी-मीनस मोटर मार्ग पर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में दो साल की मासूम बच्ची समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। दुर्घटना धमोग मंदिर के पास हुई। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

गहरी खाई में उतरकर चलाया गया रेस्क्यू अभियान

बोलेरो के गहरी खाई में गिरने के कारण बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कालसी थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने रस्सियों और अन्य बचाव उपकरणों की मदद से खाई में उतरकर वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया।

दो साल की राधिका और 56 वर्षीय नरबहादुर की मौत

इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान दो वर्षीय राधिका पुत्री डमर और 56 वर्षीय नरबहादुर पुत्र गंगा बहादुर के रूप में हुई है। दोनों नेपाल के अछाम कटारी के रहने वाले थे।

दुर्घटना में पांच अन्य लोग घायल हुए हैं। इनमें बोलेरो चालक चमन लाल (45), निवासी चडगांव, शिमला, डमर (32), निशा (14), उर्मिला (30) और प्रदीप (5) शामिल हैं। डमर, निशा, उर्मिला और प्रदीप नेपाल के रहने वाले हैं। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

हिमाचल में मजदूरी के बाद नेपाल लौट रहे थे सभी

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बोलेरो में सवार सभी लोग नेपाली मजदूर थे। वे हिमाचल प्रदेश में मजदूरी का काम पूरा करने के बाद अपने घर नेपाल लौट रहे थे। इसी दौरान हरिपुर-कोटी-मीनस मोटर मार्ग पर धमोग मंदिर से पहले चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद बोलेरो सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी।

एसएसआई नीरज कठैत ने हादसे में दो लोगों की मौत और पांच लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।

---------------------------------------------------------------------------------------------------   https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be