राजनीति

जयपुर में कांग्रेस का बड़ा सियासी जमावड़ा! 30 नवंबर से लगेगा 10 दिन का ट्रेनिंग कैंप, खड़गे करेंगे उद्घाटन, राहुल गांधी होंगे शामिल

जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर में कांग्रेस का बड़ा संगठनात्मक प्रशिक्षण शिविर आयोजित होने जा रहा है। 30 नवंबर से शुरू होने वाले इस 10 दिवसीय कैंप का उद्घाटन कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे करेंगे, जबकि 9 दिसंबर को समापन कार्यक्रम में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शामिल होंगे। दोनों वरिष्ठ नेताओं का कार्यक्रम तय हो चुका है। इस शिविर में पार्टी के नवनियुक्त 81 राष्ट्रीय सचिवों को संगठन की मजबूती, कांग्रेस की विचारधारा और राजनीतिक रणनीतियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

बाड़ा पदमपुरा में जुटेंगे देशभर के राष्ट्रीय सचिव

जयपुर के बाड़ा पदमपुरा में प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कांग्रेस संगठन ने आयोजन को लेकर जरूरी व्यवस्थाएं शुरू कर दी हैं। तैयारियों का जायजा लेने के लिए पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल 25 नवंबर को जयपुर पहुंचेंगे। इस दौरान वह शिविर स्थल का निरीक्षण करेंगे और व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे।

बाड़ा पदमपुरा पहले भी कांग्रेस के बड़े संगठनात्मक आयोजनों का गवाह रहा है। वर्ष 2003 में यहां तीन दिवसीय राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया था, जिसमें तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए थे। इसके अलावा यहां प्रदेश स्तर के कई प्रशिक्षण कार्यक्रम भी हो चुके हैं।

10 दिन तक संगठन और चुनावी रणनीति का मिलेगा प्रशिक्षण

कांग्रेस का यह प्रशिक्षण शिविर नए राष्ट्रीय सचिवों को संगठनात्मक जिम्मेदारियों के लिए तैयार करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। इसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता उन्हें संगठन मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर तालमेल बनाने और राज्यों की राजनीतिक परिस्थितियों के मुताबिक रणनीति तैयार करने के गुर सिखाएंगे।

प्रशिक्षण के दौरान कांग्रेस की विचारधारा को जनता तक पहुंचाने, पार्टी के पक्ष में राजनीतिक विमर्श तैयार करने और विपक्ष की भूमिका को प्रभावी ढंग से निभाने जैसे विषयों पर भी चर्चा होगी। पार्टी का प्रयास है कि नए राष्ट्रीय सचिव अपने-अपने राज्यों में संगठनात्मक और राजनीतिक स्तर पर मजबूती से काम कर सकें।

कांग्रेस की प्रशिक्षण इकाई पहले भी अलग-अलग स्तर पर ऐसे शिविर आयोजित करती रही है। इससे पहले माउंट आबू में भी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा चुका है। इन शिविरों में चुनिंदा पदाधिकारियों को ही शामिल किया जाता है और बाहरी लोगों को प्रवेश नहीं दिया जाता।

81 नए राष्ट्रीय सचिवों में राजस्थान के 6 नेता शामिल

कांग्रेस ने 19 नवंबर को 81 नए राष्ट्रीय सचिवों की नियुक्ति की थी। इन सभी को अलग-अलग राज्यों में सह-प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस सूची में राजस्थान के छह नेताओं को भी जगह मिली है।

राजस्थान से राष्ट्रीय सचिव बनाए गए नेताओं में हेम सिंह शेखावत, रेहाना रियाज, धीरज गुर्जर, डूंगरराम गेदर, दानिश अबरार और जगदीश जांगिड़ के नाम शामिल हैं। ऐसे में जयपुर में होने वाला यह प्रशिक्षण शिविर प्रदेश के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

30 नवंबर से 9 दिसंबर तक चलने वाले इस शिविर में नए राष्ट्रीय सचिवों को संगठन की जिम्मेदारियों और राजनीतिक चुनौतियों से निपटने के लिए तैयार किया जाएगा। उद्घाटन में मल्लिकार्जुन खड़गे और समापन में राहुल गांधी की मौजूदगी ने इस आयोजन का सियासी महत्व बढ़ा दिया है।

 

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------   https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be