Thursday, November 19, 2026
Latest:
देशराज्य

दिल्ली के प्रदूषण से सुप्रीम कोर्ट के जज भी परेशान, जस्टिस पारदीवाला बोले- अगले जन्म में सिंगापुर जाऊंगा

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण का असर अब आम लोगों के साथ-साथ सुप्रीम कोर्ट के जजों की चिंता में भी दिखाई देने लगा है। बुधवार को बच्चों की कस्टडी से जुड़े एक मामले की सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस जेबी पारदीवाला ने दिल्ली की खराब हवा पर हल्के-फुल्के अंदाज में तंज कसा। उन्होंने एक पिता को सलाह दी कि जब तक दिल्ली की हवा की गुणवत्ता में सुधार नहीं होता, तब तक वह सिंगापुर में रह रहे अपने बेटे को यहां लाने से बचें। सुनवाई के दौरान प्रदूषण और सिंगापुर की साफ हवा को लेकर ऐसी टिप्पणी हुई कि अदालत में मौजूद लोग भी मुस्कुरा उठे।

बेटे को दिल्ली लाने की बात पर जज ने दी सलाह

दरअसल, सुप्रीम कोर्ट में बच्चों की कस्टडी से जुड़े एक मामले पर सुनवाई हो रही थी। एक पिता ने अपनी अलग रह रही पत्नी पर आरोप लगाया था कि वह अदालत के पिता से मुलाकात के आदेश के बावजूद बच्चों को सिंगापुर ले गईं। इस मामले की सुनवाई जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस केवी विश्वनाथन की पीठ कर रही थी।

सुनवाई के दौरान पीठ ने दिल्ली में रहने वाले पिता को सुझाव दिया कि फिलहाल वह सिंगापुर में रह रहे अपने बेटे को दिल्ली न बुलाएं। जब तक राजधानी में प्रदूषण का स्तर कम नहीं होता, तब तक बेटे को वहीं रहने देना बेहतर होगा। अदालत ने पिता को समय-समय पर सिंगापुर जाकर बेटे से मिलने और अपनी बेटी को एक सप्ताह के लिए अपने पास बुलाने का सुझाव भी दिया।

‘पहले दिल्ली का AQI थोड़ा नीचे आने दीजिए’

सुनवाई के दौरान पिता ने कहा कि यदि उनका बेटा स्कूल की छुट्टियों में दिल्ली आ सके तो उन्हें अच्छा लगेगा। इस पर जस्टिस पारदीवाला ने मुस्कुराते हुए कहा, “कुछ इंतजाम कीजिए। लेकिन पहले दिल्ली का एक्यूआई थोड़ा नीचे आने दीजिए, क्योंकि सिंगापुर की हवा तो बहुत साफ है।”

इसके बाद अदालत में हल्का-फुल्का माहौल बन गया। दूसरे पक्ष की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता सिद्धार्थ लूथरा ने भी टिप्पणी करते हुए कहा कि एक्यूआई से बचने के लिए उन्हें भी सिंगापुर चले जाना चाहिए। इस पर जस्टिस पारदीवाला ने मजाकिया अंदाज में जवाब दिया, “अगले जन्म में। अपने अगले जन्म में।” उनकी इस टिप्पणी ने दिल्ली के प्रदूषण की गंभीर स्थिति पर अदालत की चिंता को भी सामने रखा।

दिल्ली का AQI फिर खराब श्रेणी में पहुंचा

इस बीच राजधानी की हवा की गुणवत्ता में बुधवार को फिर गिरावट दर्ज की गई। रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 232 रहा, जो खराब श्रेणी में आता है। इससे एक दिन पहले मंगलवार को हवा की स्थिति में कुछ सुधार हुआ था, लेकिन बुधवार को प्रदूषण का स्तर फिर करीब 30 अंक बढ़ गया।

इस दौरान PM 2.5 प्रदूषण का सबसे बड़ा कारण बना रहा। दिल्ली के 58 वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों में से 33 केंद्रों पर हवा खराब श्रेणी में दर्ज की गई, जबकि 20 केंद्रों पर वायु गुणवत्ता मध्यम रही। वहीं, पांच निगरानी केंद्रों पर प्रदूषण का स्तर बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गया। ऐसे में राजधानी की हवा को लेकर चिंता एक बार फिर बढ़ गई है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------   https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be