उत्तर प्रदेशराज्य

पति की हत्या में फांसी की सजा पाने वाली मुस्कान और रविता रखेंगी अहोई अष्टमी का व्रत, दामिनी ने भी मांगी पूजा सामग्री

मेरठ: पति की हत्या के मामलों में मृत्युदंड की सजा पा चुकीं मुस्कान और रविता जेल में अहोई अष्टमी का व्रत रखेंगी। वहीं, पति की हत्या के मामले में बंद दामिनी ने भी अपने इकलौते बेटे की लंबी उम्र के लिए व्रत रखने की इच्छा जताई है। तीनों महिला बंदियों ने जेल प्रशासन से व्रत रखने की अनुमति देने और पूजा सामग्री उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। वरिष्ठ जेल अधीक्षक ने उन्हें जरूरी पूजा सामग्री मुहैया कराने की बात कही है। अहोई अष्टमी का व्रत एक नवंबर को रखा जाएगा।

दो बेटियों की लंबी उम्र के लिए व्रत रखेंगी मुस्कान

चर्चित नीले ड्रम हत्याकांड में अपने पति सौरभ राजपूत की हत्या के मामले में फांसी की सजा पाने वाली मुस्कान रस्तोगी चौधरी चरण सिंह जिला कारागार में बंद है। वह मृत्युदंड के फैसले को इलाहाबाद हाईकोर्ट में चुनौती दे चुकी है। मुस्कान ने एक नवंबर को अपनी दोनों बेटियों की लंबी उम्र की कामना के लिए अहोई अष्टमी का व्रत रखने का फैसला किया है।

वहीं, बहसूमा में अपने पति अमित कश्यप की हत्या और बिस्तर पर सांप छोड़ने के मामले में मृत्युदंड की सजा पाने वाली रविता भी अपने बच्चों की दीर्घायु के लिए व्रत रखेगी। दोनों महिला बंदियों ने इसके लिए जेल प्रशासन से पूजा की व्यवस्था कराने का आग्रह किया है।

बेटे की लंबी उम्र के लिए दामिनी भी रखेंगी व्रत

हस्तिनापुर में अपने पति अतुल पंवार की हत्या के मामले में जेल में बंद दामिनी ने भी अहोई अष्टमी का व्रत रखने की इच्छा जताई है। वह अपने इकलौते बेटे की लंबी उम्र की कामना के लिए पूजा करना चाहती है। इसके लिए उसने भी जेल प्रशासन से अनुमति और पूजा सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है।

वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा ने बताया कि मुस्कान, रविता और दामिनी ने एक नवंबर को अहोई अष्टमी का व्रत रखने की अनुमति मांगी है। तीनों को पूजा सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वे जेल परिसर में ही व्रत और पूजन कर सकें।

मेरठ जेल में 37 महिला बंदियां भी रखेंगी करवाचौथ का व्रत

चौधरी चरण सिंह जिला कारागार में करवाचौथ की तैयारी भी की जा रही है। जेल में अलग-अलग मामलों में बंद 37 महिला बंदियों ने करवाचौथ का व्रत रखने की इच्छा जताई है। ये महिलाएं अपने पतियों की लंबी उम्र और वैवाहिक जीवन की खुशहाली की कामना के लिए व्रत रखेंगी। इसके लिए उन्होंने जेल प्रशासन से करवा उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।

वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा ने बताया कि करवाचौथ का व्रत रखने वाली सभी 37 महिला बंदियों को करवा उपलब्ध कराया जाएगा। जेल में बंद महिला बंदियों और दोषियों को पूजा-पाठ के लिए जरूरी सामग्री भी मुहैया कराई जाएगी।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------   https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be