फरीदपुर में घटित घटना का वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा मौके पर पहुंच कर लिया गया संज्ञान

बरेली, 28 जनवरी। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने आज वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक घुले सुशील चन्द्रभान के साथ जनपद बरेली के तहसील फरीदपुर कस्बे में आगजनी घटना में एक ही परिवार के पांच व्यक्तियों (पति अजय गुप्ता, पत्नी अनीता गुप्ता एवं तीन बच्चे) की आग से हुई मौत की घटना स्थल का भ्रमण किया।
 बरेली परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक द्वारा भी घटना स्थल का भ्रमण किया गया।
मौके पर स्थानीय लोगों द्वारा बताया गया कि मृतक अजय गुप्ता हलवाई का कार्य करते थे और उनकी पत्नी अनीता गुप्ता गृहणी थीं, जिनके नाम जमीन है और इनके बच्चे प्राईवेट स्कूल में पढ़ते थे। परिवार के पास राशन कार्ड भी था। फिलहाल पॉंचों मृत शरीर को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया है एवं पुलिस के द्वारा जांच से सम्बन्धित अन्य कार्यवाही की जा रही है।
उक्त घटना पर मा0 मुख्यमंत्री जी ने भी गहरा दुख प्रकट करते हुए शोक संतप्त परिवार के लिए अपनी संवेदनायें व्यक्त की है और सरकार की तरफ से 5 लाख रूपए की मुआवजा धनराशि जिला प्रशासन द्वारा मृतक के परिवार को दी जा रही है। साथ ही साथ मृतको के दाह संस्कार का खर्च भी जिला प्रशासन द्वारा वहन किया जाएगा।
घटना स्थल पर निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) दिनेश, अपर पुलिस अधीक्षक(ग्रामीण), उप जिलाधिकारी फरीदपुर व क्षेत्राधिकारी फरीदपुर उपस्थित रहे।
                                              बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया The Lucknow Tribune के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें... -------------------------
E-Paper