Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

बाढ़ से प्रभावित इलाकों में राहत-बचाव तेज, परिवारों को भोजन और जरूरी सामान उपलब्ध करा रहा प्रशासन

गोण्डा: जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन के निर्देश पर जनपद के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य लगातार प्राथमिकता के आधार पर चलाए जा रहे हैं। जिला प्रशासन बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है और प्रभावित परिवारों तक जरूरी सहायता पहुंचाई जा रही है। प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों की प्रभावित क्षेत्रों में निरंतर मौजूदगी सुनिश्चित की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया जा सके।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में तैनात लेखपालों को लाइफ जैकेट उपलब्ध कराई गई हैं। वहीं, नदी कटान से प्रभावित किसानों को नियमानुसार कटान राहत सहायता दी जा रही है। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों की जरूरतों का आकलन कर उन्हें आवश्यकतानुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

राहत किट के साथ छाता, टॉर्च और मच्छरदानी भी बांटी जा रही

प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन की ओर से लगातार लंच पैकेट और राहत किट वितरित कराई जा रही हैं। बाढ़ पीड़ित परिवारों को दैनिक उपयोग की जरूरी वस्तुओं के अलावा छाता, टॉर्च, मच्छरदानी सहित अन्य आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई जा रही है। प्रभावित गांवों में राहत चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी जा रही हैं और संबंधित अधिकारियों की ओर से मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

प्रशासन का प्रयास है कि बाढ़ से प्रभावित किसी भी परिवार को भोजन, राहत सामग्री या अन्य जरूरी सुविधाओं के लिए परेशानी न उठानी पड़े। राहत सामग्री के वितरण की लगातार निगरानी भी की जा रही है।

स्वास्थ्य सेवाओं के साथ पशुओं के चारे की भी व्यवस्था

बाढ़ प्रभावित इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें नियमित रूप से प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर दवाओं का वितरण कर रही हैं। लोगों को स्वास्थ्य से जुड़ी जरूरी जानकारी भी दी जा रही है। इसके साथ ही पशुओं के लिए भूसे की व्यवस्था कर उसका वितरण कराया जा रहा है, जिससे पशुपालकों के सामने चारे का संकट न आए।

-------------------------------------------------------------------------------------------

मॉक ड्रिल से परखी गई आपात स्थिति में तैयारियां

बाढ़ से निपटने की तैयारियों को जांचने के लिए प्रशासन की ओर से मॉक ड्रिल भी कराई गई। इसके जरिए राहत एवं बचाव कार्य में शामिल विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की क्षमता को परखा गया।

कंट्रोल रूम सक्रिय, अधिकारी लगातार कर रहे प्रभावित क्षेत्रों का दौरा

बाढ़ की स्थिति की निगरानी और प्रभावित क्षेत्रों से तत्काल सूचना प्राप्त करने के लिए कंट्रोल रूम सक्रिय किया गया है। यहां प्राप्त सूचनाओं के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। संबंधित अधिकारी लगातार प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर मौके की स्थिति का जायजा ले रहे हैं।

प्रभावित क्षेत्रों में संबंधित उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, जिला आपदा विशेषज्ञ, राजस्व निरीक्षक, लेखपाल और बाढ़ खंड के अधिकारी लगातार भ्रमण कर रहे हैं। अधिकारी प्रभावित परिवारों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी ले रहे हैं तथा आवश्यकता के अनुसार राहत और सहायता उपलब्ध करा रहे हैं। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला प्रशासन बाढ़ की स्थिति पर पूरी सतर्कता बनाए हुए है और प्रभावित लोगों तक हरसंभव सहायता पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रहा है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------