Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

पूर्व छात्र मिलन समारोह में गूंजा प्रशिक्षण काल का अनुभव, डायट गोण्डा ने शिक्षकों को किया सम्मानित

गोण्डा: ज़िला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) गोण्डा की ओर से प्राचार्य श्री राम सागर त्रिपाठी की अध्यक्षता में पूर्व छात्र मिलन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में डायट गोण्डा से प्रशिक्षण प्राप्त कर वर्तमान में बेसिक शिक्षा परिषद, गोण्डा में शिक्षक के रूप में सेवाएं दे रहे शिक्षकों को आमंत्रित किया गया। प्रत्येक विकास खंड से चार शिक्षकों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।

शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यार्थियों के अधिगम स्तर पर हुई चर्चा

कार्यक्रम का शुभारंभ डायट प्राचार्य श्री राम सागर त्रिपाठी ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता, समय पालन, विद्यालय की सुंदरता, निर्धारित समय सारिणी के अनुसार कक्षा शिक्षण तथा निपुण भारत मिशन के तहत छात्र-छात्राओं के अधिगम स्तर जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने शिक्षकों को अपने दायित्वों के प्रति सजग रहने का संदेश देते हुए आशीर्वचन प्रदान किया।

इसके बाद समारोह में पहुंचे पूर्व प्रशिक्षित शिक्षकों का बैज अलंकरण कर स्वागत किया गया। इस दौरान शिक्षकों ने डायट में प्रशिक्षण के दौरान बिताए समय की पुरानी यादों को भी साझा किया।

प्रवक्ताओं ने शिक्षकों को किया प्रेरित

-------------------------------------------------------------------------------------------

कार्यक्रम को डायट के प्रवक्ता श्री ज्ञान बहादुर पासी, श्री ओमकार चौधरी, श्री ओमकार नाथ गुप्ता तथा अलिमुनी टीम के शिक्षक अफसर हसन सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। वक्ताओं ने शिक्षकों को अपने अनुभवों से जोड़ते हुए शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

ओमकार नाथ गुप्ता ने किया कार्यक्रम का संचालन

समारोह का सफल संचालन डायट के प्रवक्ता श्री ओमकार नाथ गुप्ता ने किया। कार्यक्रम में डायट के प्रवक्ताओं की मौजूदगी और आत्मीय संवाद ने पूर्व प्रशिक्षित शिक्षकों में उत्साह का संचार किया। शिक्षकों ने कहा कि समारोह के माध्यम से प्रशिक्षण काल की यादें फिर से ताजा हो गईं और उस समय के प्रवक्ताओं एवं शिक्षकों की स्मृतियां भी सामने आ गईं।

कार्यक्रम के दौरान डायट के प्रवक्ताओं की ओर से पूर्व प्रशिक्षित शिक्षकों के प्रति विशेष स्नेह और आत्मीयता व्यक्त की गई। समारोह को शिक्षकों ने शानदार और यादगार बताया।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------