बिहार में घर में सो रही नाबालिग पर तेजाब फेंका, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती; आरोपी फरार
कटिहार: बिहार के कटिहार जिले में घर में सो रही एक नाबालिग लड़की पर तेजाब फेंकने का मामला सामने आया है। सालमारी थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार देर रात हुई इस घटना में लड़की झुलस गई। उसके शोर मचाने पर परिवार के लोगों को घटना की जानकारी हुई, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुका था। परिजन आनन-फानन में लड़की को बारसोई रेफरल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसका इलाज चिकित्सकों की निगरानी में चल रहा है।
परिजनों के अनुसार, घटना रात करीब 12 बजे की है। घर के सभी लोग सो रहे थे, तभी किसी अज्ञात व्यक्ति ने खिड़की के जरिए लड़की पर तेजाब फेंक दिया। तेजाब पड़ने से उसका शरीर झुलस गया। लड़की के शोर मचाने के बाद परिवार के लोग जागे, लेकिन आरोपी वहां से भाग निकला।

अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद पीड़िता के परिजनों ने सालमारी थाना में अज्ञात आरोपी के खिलाफ आवेदन दिया है। उन्होंने पुलिस से मामले का खुलासा करने और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सालमारी थानाध्यक्ष कुमारी जुली के अनुसार, मामले में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब घटना की जांच कर रही है और आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
चिकित्सकों के अनुसार, लड़की की हालत गंभीर थी और उसका इलाज किया जा रहा है। हालांकि, डॉक्टरों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है।
जमुई मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
-------------------------------------------------------------------------------------------
इधर, जमुई शहर के पास मड़वा पहाड़ी इलाके में नाबालिग छात्रा के साथ कथित अश्लील हरकत के मामले में मुख्य आरोपी नंदन यादव और उसके साथी हरेराम यादव को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। दोनों टाउन थाना क्षेत्र के प्रतापपुर निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, दोनों का शराब तस्करी और अवैध बालू खनन से जुड़े होने का भी आरोप है। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। मंगलवार को दोनों को उनके गांव के पास मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया था। इस दौरान नंदन के पैर में गोली लगी, जबकि हरेराम के पैर में फ्रैक्चर हुआ। दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
आरक्षी अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने दोनों के शराब और अवैध बालू के कारोबार में शामिल होने की जानकारी की पुष्टि की है। पुलिस इस मामले में उनके पुराने रिकॉर्ड और अन्य गतिविधियों की भी जांच कर रही है।
ग्रामीणों का दावा है कि घटना के समय दोनों युवक नशे में थे। उनका यह भी कहना है कि दोनों अक्सर लोगों से विवाद करते थे। जमुई-लखीसराय मुख्य मार्ग से सटा मड़वा पहाड़ी इलाका सदर थाना से करीब पांच किलोमीटर दूर है।
सोनाय मड़वा और कुंदर को जोड़ने वाली सड़क के आसपास आबादी कम है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इलाके में अवैध बालू कारोबार और शराब तस्करी से जुड़े लोगों की गतिविधियां रहती हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि शाम के बाद पहाड़ी क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों का खतरा बढ़ जाता है।

