बीबीएयू में खाली सीटों पर स्पॉट काउंसलिंग का शेड्यूल जारी, 27 अगस्त से प्रक्रिया शुरू; 10 सितंबर से कक्षाएं
![]()
लखनऊ: बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय में सत्र 2026-27 के स्नातक पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए स्पॉट काउंसलिंग का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। विश्वविद्यालय के अनुसार स्पॉट काउंसलिंग का पहला चरण 27 अगस्त 2026 को सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक संबंधित विभागों में होगा। अमेठी सैटेलाइट सेंटर के स्नातक पाठ्यक्रमों की खाली सीटों के लिए काउंसलिंग लखनऊ परिसर स्थित ओएसडी अमेठी सेंटर कार्यालय में होगी।

पहले चरण में केवल उन अभ्यर्थियों को शामिल होने का अवसर मिलेगा, जिनका नाम विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जारी सीयूईटी स्कोर सूची में है। काउंसलिंग के दिन अभ्यर्थी की व्यक्तिगत और भौतिक उपस्थिति अनिवार्य होगी। तय समय के बाद किसी अभ्यर्थी को प्रवेश प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा।
27 अगस्त को रिपोर्टिंग और दस्तावेज सत्यापन
स्पॉट काउंसलिंग के पहले चरण में 27 अगस्त को रिपोर्टिंग और दस्तावेज सत्यापन होगा। 28 अगस्त को मेरिट सूची जारी कर फीस जमा करने के लिए चालान तैयार किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थी 30 अगस्त 2026 तक फीस जमा करके अपना प्रवेश पूरा कर सकेंगे। 31 अगस्त को बची हुई सीटों की जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
1 सितंबर से दूसरे चरण की प्रक्रिया
स्पॉट काउंसलिंग के दूसरे चरण में सीयूईटी और नॉन-सीयूईटी दोनों श्रेणियों के अभ्यर्थियों को मौका मिलेगा। इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण 1 से 7 सितंबर 2026 तक किया जा सकेगा। पंजीकृत अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन 8 सितंबर को होगा। 9 सितंबर को मेरिट सूची जारी की जाएगी और 10 सितंबर तक फीस जमा की जा सकेगी।
विश्वविद्यालय के नए सत्र के प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों की कक्षाएं भी 10 सितंबर 2026 से शुरू होंगी।
इन दस्तावेजों को साथ लाना होगा
-------------------------------------------------------------------------------------------
काउंसलिंग में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को 10वीं और 12वीं की मार्कशीट व प्रमाण पत्र, स्नातक की मार्कशीट एवं प्रमाण पत्र, माइग्रेशन प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र और फोटो पहचान पत्र की स्व-प्रमाणित फोटोकॉपी का एक सेट साथ लाना होगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केवल काउंसलिंग में शामिल होने से प्रवेश पक्का नहीं होगा। प्रवेश मेरिट और उपलब्ध सीटों के आधार पर ही दिया जाएगा।
पहले प्रवेश ले चुके छात्रों को आने की जरूरत नहीं
फेज-I और फेज-II में पहले ही प्रवेश ले चुके विद्यार्थियों को स्पॉट काउंसलिंग में शामिल होने की जरूरत नहीं है। हालांकि, जिन अभ्यर्थियों ने पहले फीस जमा नहीं की थी और समय विस्तार के लिए आवेदन किया था, उन्हें व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना होगा।
वेबसाइट पर नियमित रूप से देखते रहें सूचना
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से काउंसलिंग से संबंधित नई जानकारी, तिथियों और दिशा-निर्देशों के लिए विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट नियमित रूप से देखते रहने की अपील की है। अभ्यर्थियों को पंजीकरण, दस्तावेज सत्यापन और फीस जमा करने समेत सभी जरूरी प्रक्रियाएं तय समय सीमा के भीतर पूरी करने को कहा गया है।

