बीबीएयू में खाली सीटों पर स्पॉट काउंसलिंग का शेड्यूल जारी, 27 अगस्त से प्रक्रिया शुरू; 10 सितंबर से कक्षाएं
![]()
लखनऊ: बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय ने सत्र 2026-27 के स्नातक पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए स्पॉट काउंसलिंग का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। स्पॉट काउंसलिंग का पहला चरण 27 अगस्त को सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक विश्वविद्यालय के संबंधित विभागों में आयोजित किया जाएगा। अमेठी सैटेलाइट सेंटर के स्नातक पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों के लिए भी काउंसलिंग लखनऊ परिसर स्थित ओएसडी अमेठी सेंटर के कार्यालय में होगी।

पहले चरण में केवल उन्हीं अभ्यर्थियों को शामिल होने का मौका मिलेगा, जिनका नाम विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जारी सीयूईटी स्कोर सूची में है। काउंसलिंग के दिन अभ्यर्थी की व्यक्तिगत और भौतिक उपस्थिति अनिवार्य होगी। निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा।
27 अगस्त को रिपोर्टिंग और दस्तावेज सत्यापन
स्पॉट काउंसलिंग के पहले चरण में 27 अगस्त को अभ्यर्थियों की रिपोर्टिंग और दस्तावेज सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद 28 अगस्त को मेरिट सूची जारी की जाएगी और फीस जमा करने के लिए चालान जनरेट किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को 30 अगस्त 2026 तक फीस जमा कर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
31 अगस्त को बची हुई रिक्त सीटों का विवरण विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जारी किया जाएगा। इसके बाद स्पॉट काउंसलिंग के दूसरे चरण की प्रक्रिया शुरू होगी।
1 सितंबर से सीयूईटी और नॉन-सीयूईटी अभ्यर्थियों को मौका
स्पॉट काउंसलिंग-II के लिए सीयूईटी और नॉन-सीयूईटी दोनों श्रेणियों के अभ्यर्थियों को मौका दिया जाएगा। इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण 1 सितंबर से 7 सितंबर 2026 तक किया जा सकेगा। पंजीकृत अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन 8 सितंबर को होगा।
9 सितंबर को मेरिट सूची जारी की जाएगी और चयनित अभ्यर्थियों को 10 सितंबर तक फीस जमा करनी होगी। विश्वविद्यालय के नए सत्र के प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों की कक्षाएं भी 10 सितंबर 2026 से शुरू होंगी।
-------------------------------------------------------------------------------------------
इन दस्तावेजों के साथ पहुंचना होगा
काउंसलिंग में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को 10वीं और 12वीं की अंकतालिका व प्रमाण पत्र के साथ स्नातक की मार्कशीट एवं प्रमाण पत्र, माइग्रेशन प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र और फोटो पहचान पत्र की स्व-प्रमाणित फोटोकॉपी का एक सेट साथ लाना होगा।
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि केवल काउंसलिंग में शामिल होने से प्रवेश सुनिश्चित नहीं होगा। प्रवेश मेरिट और उपलब्ध सीटों के आधार पर ही दिया जाएगा।
पहले प्रवेश ले चुके छात्रों को दोबारा आने की जरूरत नहीं
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार फेज-I और फेज-II में पहले ही प्रवेश ले चुके विद्यार्थियों को स्पॉट काउंसलिंग में शामिल होने की जरूरत नहीं है। हालांकि, जिन अभ्यर्थियों ने पहले फीस जमा नहीं की थी और समय विस्तार के लिए आवेदन किया था, उन्हें व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना होगा।
वेबसाइट पर देखते रहें जरूरी अपडेट
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से काउंसलिंग से जुड़ी महत्वपूर्ण सूचनाओं और दिशा-निर्देशों के लिए विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट नियमित रूप से देखते रहने की अपील की है। अभ्यर्थियों को निर्धारित तारीख और समय सीमा का विशेष ध्यान रखते हुए पंजीकरण, दस्तावेज सत्यापन और फीस जमा करने समेत सभी जरूरी औपचारिकताएं समय से पूरी करने को कहा गया है।

