Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

बिहार विधानसभा उपाध्यक्ष ने किया बीबीएयू के गौतम बुद्ध केंद्रीय पुस्तकालय का दौरा, आधुनिक सुविधाओं की सराहना

लखनऊ: बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय में 13 सितंबर 2026 को बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष श्री नरेंद्र नारायण यादव ने 11 अधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल के साथ गौतम बुद्ध केंद्रीय पुस्तकालय का भ्रमण किया। यह अध्ययन भ्रमण पुस्तकालय के विकास, सुविधाओं, संसाधनों, कार्यप्रणाली और प्रबंधन को समझने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था।

तीन घंटे तक प्रतिनिधिमंडल ने देखीं पुस्तकालय की व्यवस्थाएं

प्रतिनिधिमंडल ने सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक केंद्रीय पुस्तकालय का भ्रमण किया। विश्वविद्यालय पहुंचने पर प्रतिनिधिमंडल का स्वागत डॉ. अश्विनी कुमार, कुलसचिव, प्रो. एस. विक्टर बाबू, अधिष्ठाता अकादमिक मामले, डॉ. सुनील गोरिया, पुस्तकालयाध्यक्ष, प्रो. शिल्पी वर्मा, निदेशक आईक्यूएसी और डॉ. ओ. पी. सैनी, सहायक पुस्तकालयाध्यक्ष ने किया।

भ्रमण के दौरान प्रतिनिधिमंडल को पुस्तकालय की विभिन्न सेवाओं, तकनीकी व्यवस्थाओं और विद्यार्थियों व शोधार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई।

ब्रेल अनुभाग और तकनीकी सुविधाओं का किया अवलोकन

डॉ. ओ. पी. सैनी, सहायक पुस्तकालयाध्यक्ष ने प्रतिनिधिमंडल को पुस्तकालय के ब्रेल अनुभाग का भ्रमण कराया और वहां उपलब्ध ब्रेल उपकरणों एवं सुविधाओं की जानकारी दी।

वहीं पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. सुनील गोरिया ने प्रतिनिधिमंडल को आरएफआईडी प्रणाली, पुस्तकालय स्वचालन और सुरक्षा व्यवस्था के बारे में विस्तार से बताया। बिहार विधानसभा उपाध्यक्ष ने पुस्तकालय में उपलब्ध आधुनिक तकनीकी सुविधाओं और व्यवस्थाओं में विशेष रुचि दिखाई।

पुस्तकालय की व्यवस्थाओं और परिसर के माहौल की सराहना

-------------------------------------------------------------------------------------------

बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष श्री नरेंद्र नारायण यादव ने गौतम बुद्ध केंद्रीय पुस्तकालय की सुविधाओं, प्रबंधन और आधुनिक तकनीकी पहलों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों, शोधार्थियों और शिक्षकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पुस्तकालय में बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

उन्होंने विशेष रूप से ब्रेल अनुभाग, आरएफआईडी प्रणाली और पुस्तकालय स्वचालन व्यवस्था की प्रशंसा की। इसके साथ ही उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर के शांत, स्वच्छ और प्राकृतिक वातावरण को अध्ययन एवं ज्ञानार्जन के लिए अनुकूल बताया।

पुस्तकालय प्रबंधन और श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों पर हुआ संवाद

प्रतिनिधिमंडल को पुस्तकालय संसाधनों के संगठन, पुस्तक निर्गमन-वापसी व्यवस्था और उपयोगकर्ता केंद्रित सेवाओं के बारे में जानकारी दी गई। प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय पुस्तकालय के आधारभूत ढांचे और कार्य वातावरण का भी अवलोकन किया।

इस दौरान पुस्तकालय प्रशासन, तकनीक आधारित सेवाओं, सेवा वितरण और पुस्तकालय विकास से जुड़े विषयों पर अधिकारियों के बीच संवाद हुआ। शैक्षणिक और विधायी पुस्तकालयों के प्रबंधन एवं विकास से संबंधित अनुभवों का भी आदान-प्रदान किया गया।

बीबीएयू और बिहार विधान मंडल पुस्तकालय के बीच सहयोग की बढ़ी संभावनाएं

यह अध्ययन भ्रमण पुस्तकालय एवं सूचना सेवाओं के क्षेत्र में व्यावसायिक संवाद और बेहतर कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान की दिशा में महत्वपूर्ण रहा। इससे बिहार विधान मंडल पुस्तकालय और गौतम बुद्ध केंद्रीय पुस्तकालय, बीबीएयू के बीच संस्थागत संबंधों को मजबूत करने का अवसर मिला।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------