PM मोदी की 25 साल की सेवा पर बोले CM योगी, ‘गांव से ग्लोबल’ तक पहुंची भारत की पहचान; राज्यसभा चुनाव पर भी दिया बड़ा बयान
लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों को गांव से ग्लोबल और जनसेवा से राष्ट्र सेवा तक की यात्रा बताया। बुधवार को हजरतगंज स्थित पटेल पार्क में आयोजित सेवा ज्योति यात्रा-विकसित भारत संकल्प सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि गुजरात के एक छोटे से गांव से निकले सामान्य कार्यकर्ता ने वैश्विक स्तर पर भारत को नई पहचान दिलाई है। उन्होंने 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए इस यात्रा को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली थी। उस समय गुजरात भीषण आपदा से जूझ रहा था और समाज व राष्ट्र विरोधी तत्व अव्यवस्था पैदा करने का प्रयास कर रहे थे। ऐसी परिस्थितियों में मोदी ने गुजरात की कमान संभाली और उसे मॉडल स्टेट के रूप में देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में पिछले 12 वर्षों में भारत को समर्थ और सशक्त राष्ट्र के तौर पर आगे बढ़ाया गया है।

उन्होंने कहा कि यह भी संयोग है कि नरेंद्र मोदी ने जब गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी, उस समय लखनऊ के सांसद अटल बिहारी वाजपेयी देश के प्रधानमंत्री थे। आज नरेंद्र मोदी वाराणसी के सांसद के रूप में देश का नेतृत्व कर रहे हैं।
हर वर्ग के जीवन में बदलाव का दावा
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों की यात्रा हर बहन को सुरक्षा की गारंटी देने, अन्नदाता किसान के जीवन में खुशहाली लाने और युवाओं के लिए रोजगार की संभावनाएं मजबूत करने की यात्रा है। उन्होंने कहा कि 12 वर्ष पहले भारत की गिनती फ्रैजाइल-5 में होती थी, जबकि आज देश टॉप-5 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि देश में कभी कुछ हजार स्टार्टअप थे, लेकिन आज इनकी संख्या ढाई लाख से अधिक हो चुकी है। मिशन रोजगार के तहत युवाओं के लिए नौकरी, रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
रेलवे, एयरपोर्ट और एक्सप्रेसवे से बदली कनेक्टिविटी
सीएम योगी ने रेलवे के विद्युतीकरण, ब्रॉड गेज और ईस्टर्न व वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वंदे भारत, अमृत भारत और नमो भारत के रूप में रेलवे विश्वस्तरीय सुविधाओं के साथ आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि देश में एयरपोर्ट की संख्या बढ़ी है। हाईवे और एक्सप्रेसवे का नेटवर्क तैयार हुआ है, जबकि उत्तर प्रदेश को इनलैंड वॉटरवे की सुविधा भी मिली है।
सेमीकंडक्टर से रक्षा क्षेत्र तक आत्मनिर्भरता का जिक्र
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि एक समय भारत एक चिप के लिए भी दूसरे देशों पर निर्भर था। अब देश में सेमीकंडक्टर के 12 से अधिक बड़े उद्योग या तो क्रियाशील हो चुके हैं या उनमें बड़े पैमाने पर निवेश हो रहा है। उन्होंने कहा कि भारत चिप निर्यात की दिशा में आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है।
रक्षा क्षेत्र का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत अब हजारों करोड़ रुपये के रक्षा उत्पाद दुनिया के देशों तक पहुंचा रहा है। उन्होंने बताया कि एम्स की संख्या छह से बढ़कर 23 हो गई है। इसके साथ ही आईआईटी, आईआईएम और उभरती तकनीक के क्षेत्र में भी अवसर बढ़े हैं।
‘वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया’ से ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज’ तक
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कभी ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया’ सत्ता के समानांतर अराजकता पैदा करता था। अब प्रदेश की पहचान ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज’, ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ और ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन’ से हो रही है।
उन्होंने कहा कि हुनरमंद कारीगरों और हस्तशिल्पियों को उद्यमी बनाने का काम किया जा रहा है।
-------------------------------------------------------------------------------------------
डिजिटल इंडिया और जनधन खातों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं का कभी मजाक उड़ाया गया था। उन्होंने कहा कि आज डीबीटी के जरिए दिल्ली और लखनऊ से भेजा गया पैसा सीधे गरीब, महिला, किसान, युवा और श्रमिक के खाते में पहुंच रहा है। मुख्यमंत्री ने 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन और मुफ्त रसोई गैस कनेक्शन दिए जाने का भी उल्लेख किया।
राज्यसभा चुनाव पर CM योगी का 80-20 वाला बयान
मुख्यमंत्री योगी ने अपने संबोधन के अंत में उत्तर प्रदेश के राज्यसभा चुनाव का जिक्र करते हुए इसे विधानसभा चुनाव से जोड़ा। उन्होंने कहा, “कल उत्तर प्रदेश के राज्यसभा के चुनाव ने बता दिया है कि विधानसभा का चुनाव परिणाम क्या होने जा रहा है।”
इसके बाद मुख्यमंत्री ने कहा, “यह लड़ाई 80-20 की फिर आ गई है। 80 फीसदी एनडीए में और 20 फीसदी पीडीए में। पीडीए का क्या हाल होने वाला है, यह आपके सामने फिर आने वाला है।”
कार्यकर्ताओं से विधानसभा क्षेत्रों तक सेवा ज्योति ले जाने की अपील
मुख्यमंत्री योगी ने कार्यकर्ताओं से सेवा ज्योति को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों तक ले जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की जनसेवा से राष्ट्र सेवा तक की 25 वर्षों की यात्रा को जनता के बीच पहुंचाने के साथ लोगों को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ना है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर इस अभियान को आगे बढ़ाने की बात कही गई।
ब्रजेश पाठक बोले- पीएम मोदी ने देश का कायाकल्प किया
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अविरल सेवा के 25 वर्ष पूरे हुए हैं और इन वर्षों में उन्होंने देश का कायाकल्प किया है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए देश का हर वर्ग आगे बढ़ रहा है।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व और प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश पानी, बिजली, स्कूल, अस्पताल, विश्वविद्यालय, बुनियादी ढांचे और कानून व्यवस्था के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है।
‘जन सेवा से देश सेवा’ प्रदर्शनी का किया अवलोकन
कार्यक्रम में संबोधन से पहले मुख्यमंत्री योगी ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यों पर आधारित ‘जन सेवा से देश सेवा’ प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में उत्तर प्रदेश में केंद्र सरकार की योजनाओं के सफल क्रियान्वयन को दर्शाया गया। मुख्यमंत्री ने सेवा ज्योति की स्थापना भी की।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, मेधा कुलकर्णी, सांसद संजय सेठ व बृजलाल, महापौर सुषमा खर्कवाल, डॉ. महेंद्र सिंह, पंकज सिंह समेत जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
