मनोरंजन

“महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर समाज में खुलकर बात होना बेहद जरुरी”: गुलकी जोशी, यादें, सोनी सब

मुंबई, अक्टूबर, 2026: सोनी सब का यादें शो अपने मेडिकल ड्रामा में हास्य, भावनाओं और रोज़मर्रा की ज़िंदगी से जुड़ी कहानियों को हल्के‑फुल्के अंदाज़ के साथ प्रस्तुत करता है। नवरात्रि के आगमन के साथ, शो महिलाओं की शक्ति और उनके जज़्बे का जश्न मनाने जा रहा है। आगामी ट्रैक में डॉ. सृष्टि (गुलकी जोशी) एक ऐसे मुद्दे को उठाने के लिए आगे आती हैं, जिसे किलारी गाँव की महिलाएँ लंबे समय से नज़रअंदाज़ करने के लिए मजबूर रही हैं।

जब एक महिला अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्या लेकर डॉ. सृष्टि के पास आती है, लेकिन उसके बारे में खुलकर बात करने से हिचकिचाती है, तब डॉ. सृष्टि को एहसास होता है कि शर्म और सामाजिक झिझक ने गाँव में महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़ी सामान्य बातचीत को भी कठिन बना दिया है। इस सोच को बदलने का दृढ़ निश्चय करते हुए, डॉ. सृष्टि किलारी की महिलाओं से मासिक धर्म स्वच्छता और ज़रूरत पड़ने पर चिकित्सकीय सहायता लेने के महत्व के बारे में बात करने का जिम्मा अपने ऊपर लेती हैं। हालाँकि, उनके इन प्रयासों का गाँववालों द्वारा विरोध किया जाता है, क्योंकि वे लंबे समय से चली आ रही मान्यताओं को चुनौती देने की उनकी कोशिशों से असहज महसूस करते हैं। इन सबके बीच, डॉ. देव (इक़बाल खान) उनका साथ देते हैं और किलारी की महिलाओं के लिए अधिक जागरूक और खुला वातावरण बनाने की दिशा में उनके प्रयासों में उनका समर्थन करते हैं।

क्या डॉ. सृष्टि सामाजिक झिझक और पूर्वाग्रहों की दीवार को तोड़कर किलारी की महिलाओं को अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित कर पाएँगी? आगामी ट्रैक के बारे में बात करते हुए, गुलकी जोशी ने साझा किया, “महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दे एक महत्वपूर्ण विषय हैं, जिन पर हमारे समाज में और खुलकर बात किए जाने की आवश्यकता है। इस कहानी की जो बात मुझे सबसे ज़्यादा प्रभावित करती है, वह यह है कि गाँव में एक महिला का अपने ही स्वास्थ्य के बारे में खुलकर बात करना भी शर्म की बात समझा जाता है। डॉ. सृष्टि चाहती हैं कि महिलाएँ यह समझें कि उनका स्वास्थ्य कोई ऐसी चीज़ नहीं है

-------------------------------------------------------------------------------------------

जिसके बारे में उन्हें झिझक या शर्म महसूस करनी चाहिए, और ज़रूरत पड़ने पर चिकित्सकीय सहायता लेना पूरी तरह सामान्य बात है। मुझे यह बात बहुत पसंद है कि गाँव वालों के विरोध के बावजूद वह अपने कदम पीछे नहीं खींचती और इस पूरी यात्रा में डॉ. देव का उसका साथ देना इस सफर को और भी खास बना देता है। मुझे उम्मीद है कि यह ट्रैक महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के बारे में अधिक खुलकर बात करने के लिए प्रेरित करेगा और उन्हें यह याद दिलाएगा कि खुद को प्राथमिकता देना ऐसी बात नहीं है, जिसके लिए उन्हें कभी अपराधबोध या शर्म महसूस करनी चाहिए।”

हर सोमवार से शनिवार रात 8 बजे सोनी सब पर यादें देखना न भूलें।

---------------------------------------------------------------------------------------------------