यूपी में सपा का कांग्रेस को 53-55 सीटों का ऑफर, 350 सीटों पर खुद लड़ने की तैयारी; ओवैसी की डेडलाइन पर अखिलेश ने दिया जवाब

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इंडिया गठबंधन और एनडीए में अभी सीट बंटवारे का फॉर्मूला तय नहीं हुआ है, लेकिन सहयोगी दल अपनी-अपनी मांगें सामने रख रहे हैं। कांग्रेस की ओर से कम से कम 150 सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई जा रही है, जबकि सूत्रों के मुताबिक समाजवादी पार्टी कांग्रेस को 53 से 55 सीटें देने के प्रस्ताव पर काम कर रही है।
सूत्रों के अनुसार, समाजवादी पार्टी करीब 350 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने की तैयारी कर रही है। पार्टी का फोकस उन सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने का है, जहां उसका संगठन और चुनावी प्रदर्शन मजबूत रहा है।
कांग्रेस को 53 से 55 सीटें देने का फॉर्मूला
सूत्रों के मुताबिक, सपा सीट बंटवारे में जीत और पिछले चुनाव के प्रदर्शन को आधार बना रही है। 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में 6 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इन सीटों के तहत 30 विधानसभा क्षेत्र आते हैं, जबकि 11 सीटों पर कांग्रेस को हार मिली थी।
बताया गया है कि कांग्रेस की ओर से लड़ी गई लोकसभा सीटों के विधानसभा वार प्रदर्शन को आधार बनाकर सपा 53 से 55 सीटों का प्रस्ताव तैयार कर रही है। वहीं, 2024 में सपा को मिली 37 लोकसभा सीटों और हारी हुई सीटों पर मिले प्रदर्शन को जोड़कर पार्टी करीब 350 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है।
कांग्रेस मांग रही 150 सीटें
उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद सार्वजनिक तौर पर कई बार कह चुके हैं कि कांग्रेस कम से कम 150 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है।
सूत्रों के मुताबिक, सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस की ओर से सपा पर दबाव बनाया जा रहा है। हालांकि, सपा फिलहाल इस मांग के मुताबिक सीटें देने के मूड में नहीं है।

सपा सांसद एसपी सिंह पटेल ने भी कहा है कि कांग्रेस को 150 सीटें देना अपने पैर पर कुल्हाड़ी मारने जैसा होगा।
ओवैसी की डेडलाइन पर अखिलेश ने दिया जवाब
गठबंधन को लेकर असदुद्दीन ओवैसी की ओर से दी गई 2 अक्टूबर की डेडलाइन पर भी अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी है। सपा प्रमुख ने कहा कि जो गठबंधन पहले से था और जिसने भाजपा को हराया, समाजवादी पार्टी उसी गठबंधन को आगे बढ़ाने का काम करेगी।
अखिलेश यादव के इस बयान को गठबंधन को लेकर सपा की मौजूदा रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
अखिलेश ने बागियों के लिए भी खोले दरवाजे
अखिलेश यादव ने कहा कि राज्यसभा चुनाव मिलन का समय होता है। उन्होंने कहा कि अगर किसी को लगता है कि लोकतंत्र और संविधान पर हमला हो रहा है, तो कड़वी बातें भूलकर साथ आने वालों का स्वागत किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जो साथी साथ आना चाहते हैं, उनके लिए सपा पुरानी बातों को भूलने को तैयार है।
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be
