Friday, October 2, 2026
Latest:
Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

BSP से निष्कासन के बाद आकाश आनंद ने तोड़ी चुप्पी, मायावती से मांगी माफी; बोले- पार्टी में सेवा का एक और मौका दें

लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी (BSP) से हाल ही में निष्कासित किए गए आकाश आनंद ने पहली बार सार्वजनिक तौर पर अपनी बात रखी है। उन्होंने पार्टी प्रमुख मायावती से माफी मांगते हुए कहा कि उनकी चुप्पी को गलत समझा गया। आकाश आनंद ने साफ किया कि वह किसी दूसरे राजनीतिक दल में शामिल नहीं हो रहे हैं और एक बार फिर बसपा में काम करने का अवसर चाहते हैं।

सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में आकाश आनंद ने मायावती को अपनी राजनीतिक गुरु, प्रेरणा और बुआ मां बताया। उन्होंने कहा कि राजनीति में उन्होंने जो कुछ सीखा और किया, वह मायावती के मार्गदर्शन में ही किया है।

मायावती से बोले- मैं फिर पार्टी के लिए काम करना चाहता हूं

आकाश आनंद ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से मीडिया और सोशल मीडिया पर उनके बारे में कई तरह की खबरें और अफवाहें चल रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह किसी दूसरे राजनीतिक दल में नहीं जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बसपा उनके लिए सिर्फ एक राजनीतिक पार्टी नहीं, बल्कि परिवार है। आकाश ने अशोक सिद्धार्थ को पार्टी से निष्कासित करने और उनके संन्यास को लेकर मायावती के फैसले को भी उचित बताया और कहा कि वह इस फैसले के साथ खड़े हैं।

आकाश ने कहा कि व्यक्तिगत और पारिवारिक हितों से ऊपर पार्टी और आंदोलन के हित को रखना उनकी जिम्मेदारी है।

सोशल मीडिया से दूरी को बताया चुप्पी की वजह

आकाश आनंद ने बताया कि उस समय उन्होंने खुद को सोशल मीडिया से दूर कर लिया था। इसी वजह से वह मायावती की उस पोस्ट को रिपोस्ट नहीं कर पाए। उनके मुताबिक, उनकी इसी चुप्पी को गलत समझा गया और इसके चलते कई तरह की अफवाहों को जगह मिली।

-------------------------------------------------------------------------------------------

उन्होंने कहा कि अगर उनकी चुप्पी से मायावती को ठेस पहुंची है तो वह इसके लिए उनसे माफी मांगते हैं।

‘विश्वास शब्दों से नहीं, काम से बनता है’

आकाश आनंद ने मायावती से एक बार फिर उनके नेतृत्व में पार्टी और मिशन की सेवा करने का मौका देने की अपील की। उन्होंने कहा कि विश्वास सिर्फ शब्दों से नहीं बल्कि काम से बनता है और वह अपने आचरण तथा मेहनत के जरिए इसे साबित करेंगे।

उन्होंने अपने संदेश में बाबा साहेब के मिशन, मान्यवर साहेब के रास्ते और मायावती के नेतृत्व को अपनी राजनीति का आधार बताया।

मायावती ने पिछले दिनों पार्टी से किया था निष्कासित

बता दें कि मायावती ने पिछले दिनों आकाश आनंद को बसपा से बाहर कर दिया था। मायावती ने यह भी कहा था कि आकाश आनंद और उनकी बहन को पार्टी में कोई जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी।

इसके बाद मायावती ने आकाश आनंद के छोटे भाई ईशान आनंद पर भरोसा जताते हुए उन्हें पार्टी में काम करने का मौका दिया था।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------