Friday, October 2, 2026
Latest:
Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

कानपुर में स्कूल बस और डंपर की जोरदार भिड़ंत, विज्ञान शिक्षिका की मौत; 2 छात्र गंभीर, हादसे के बाद मची चीख-पुकार

कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर के बिधनू में शुक्रवार सुबह कानपुर-सागर हाईवे पर तेज रफ्तार डंपर और स्कूल बस की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में विज्ञान शिक्षिका ऐश्वर्या श्रीवास्तव की मौत हो गई, जबकि कई छात्र और शिक्षक घायल हो गए। दो छात्रों की हालत गंभीर बताई गई है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया। हादसा हरबसपुर गांव के पास हुआ, जहां टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के शीशे टूटकर अंदर बिखर गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

गांधी जयंती कार्यक्रम के लिए घाटमपुर जा रही थी स्कूल बस

घाटमपुर के मूसानगर रोड स्थित चीना पब्लिक स्कूल में गांधी जयंती के मौके पर कार्यक्रम आयोजित होना था। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए शिक्षक और छात्र स्कूल बस से घाटमपुर जा रहे थे। बस में पांच छात्रों समेत करीब 35 लोग सवार थे। बर्रा निवासी चालक अर्जुन बस चला रहे थे।

चालक के मुताबिक, नौबस्ता से बस लेकर स्कूल जाते समय हरबसपुर गांव के पास सामने से मौरंग लदा डंपर आता दिखाई दिया।

डंपर को बचाने की कोशिश के बावजूद हो गई जोरदार टक्कर

अर्जुन ने बताया कि सामने से डंपर आता देखकर उन्होंने बस को बचाने के लिए सड़क से नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन इसके बावजूद डंपर ने बस के साइड हिस्से में टक्कर मार दी। इसके बाद बस का पिछला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

अचानक हुई टक्कर से बस में सवार छात्र और शिक्षक सहम गए। किसी को संभलने का मौका नहीं मिला और कुछ ही पलों में बस के अंदर चीख-पुकार मच गई।

खिड़की का शीशा टूटकर शिक्षिका के सिर में घुसा

हादसे में बस की पिछली सीट के पास बैठीं विज्ञान शिक्षिका ऐश्वर्या श्रीवास्तव गंभीर रूप से घायल हो गईं। बताया गया कि वह खिड़की के पास बैठी थीं। टक्कर के दौरान खिड़की का शीशा टूट गया और कांच के टुकड़े उनके सिर में जा घुसे।

साथी शिक्षकों ने उन्हें तत्काल बिधनू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। ऐश्वर्या श्रीवास्तव, पवन श्रीवास्तव की पुत्री थीं और बर्रा क्षेत्र में रहती थीं। उनकी मौत की खबर से स्कूल परिवार में मातम छा गया।

छात्र की आंख में घुसा कांच, कई शिक्षक और छात्र घायल

हादसे में कक्षा सात के छात्र रौनक वर्मा की आंख में कांच के टुकड़े लग गए। रौनक बिनगवां का रहने वाला है। उसके भाई कनिष्क, जो कक्षा पांच में पढ़ता है, छात्रा मैत्री कक्षा पांच निवासी नौबस्ता, सुहानी कक्षा 11 निवासी गल्लामंडी और कुशाग्र कक्षा 10 निवासी मछरिया भी बस में सवार थे।

हादसे में शिक्षिका अंजू रीता, उम्र 37 वर्ष, निवासी तौधकपुर और शिक्षक हिमांशु यादव, उम्र 30 वर्ष, पुत्र स्वर्गीय एसपी यादव निवासी जूही लाल कॉलोनी भी घायल हुए। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।

वहीं अर्पित दीक्षित, उम्र 25 वर्ष, निवासी सागरपुरी, दुर्गा चौहान, उम्र 37 वर्ष, निखलेश्वर बाजपेई, उम्र 47 वर्ष और छात्र रौनक को प्राथमिक उपचार दिया गया।

चालक ने सामने से आते डंपर को देखकर बस बचाने की कोशिश की

-------------------------------------------------------------------------------------------

बस में सवार मैथ टीचर दीपल पाल निवासी कर्रही ने बताया कि डंपर सामने से तेज गति में आता दिखाई दिया था। चालक ने बस को बचाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही क्षण में दोनों वाहनों की टक्कर हो गई।

टक्कर के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई। शिक्षकों ने घायल छात्रों और साथियों को संभाला और उन्हें बस से बाहर निकालने में मदद की। हादसे के बाद बस में मौजूद लोगों के बीच काफी देर तक दहशत का माहौल बना रहा।

शिक्षिका की मौत की खबर सुनकर बेसुध हुईं स्कूल की प्रिंसिपल

स्कूल की प्रिंसिपल सुभांगी सिंह भी निजी वाहन से बस के पीछे आ रही थीं। हादसे की जानकारी मिलते ही वह बिधनू सीएचसी पहुंचीं। वहां ऐश्वर्या श्रीवास्तव की मौत की खबर सुनते ही वह बेसुध हो गईं।

साथी शिक्षिकाओं ने उन्हें संभाला। बताया गया कि वह बार-बार ऐश्वर्या के परिवार को लेकर चिंता जताती रहीं। साथी शिक्षिका को सड़क हादसे में खोने की खबर से स्कूल स्टाफ भी गहरे सदमे में है।

गांधी जयंती के कार्यक्रम की खुशियां मातम में बदलीं

चीना पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर पंकज सचान ने बताया कि 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर स्कूल में कार्यक्रम होना था। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए शिक्षक और छात्र घाटमपुर जा रहे थे।

लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने पूरे माहौल को बदल दिया। जिस कार्यक्रम को लेकर स्कूल में तैयारियां चल रही थीं, वहां अब शिक्षिका की मौत और घायल छात्रों को लेकर परिवार और स्कूल स्टाफ चिंतित है।

ग्रामीणों ने डंपर चालक को पकड़ा, पुलिस ने शुरू की जांच

हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने डंपर चालक को पकड़ लिया और उसे बिधनू पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

शिक्षिका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर हादसे की जांच शुरू कर दी है।

तहरीर मिलने के बाद होगी आगे की कार्रवाई

बिधनू थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। डंपर को कब्जे में लेकर मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। तहरीर मिलने के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------