गोण्डा में गांधी जयंती पर हुए कई कार्यक्रम, CDO ने कलेक्ट्रेट में फहराया तिरंगा; स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और उनके परिवारों का हुआ सम्मान

गोण्डा: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर गोण्डा में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कलेक्ट्रेट परिसर में प्रभारी जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को गांधी और शास्त्री के विचारों व आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया गया।

कलेक्ट्रेट में गोष्ठी, अधिकारियों ने बताए गांधी के आदर्श
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित गोष्ठी में प्रभारी जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद के साथ अपर जिलाधिकारी प्रमोद झा, मुख्य राजस्व अधिकारी रिंकी जायसवाल, नगर मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा, अपर उपजिलाधिकारी अशोक कुमार गुप्ता, अपर उपजिलाधिकारी बृजेश वर्मा और अपर उपजिलाधिकारी विनीत कुमार ने अपने विचार रखे।
अधिकारियों ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांत आज भी प्रासंगिक हैं। युवाओं को उनके आदर्शों को अपनाकर देश सेवा की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
छात्राओं ने पेश किए देशभक्ति गीत, पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गोण्डा की छात्राओं ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। इससे पूरा सभागार देशभक्ति की भावना से भर गया। कार्यक्रम के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में पौधरोपण भी किया गया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
प्रभारी जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद ने सभागार में मौजूद अधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य लोगों को महात्मा गांधी तथा लाल बहादुर शास्त्री के विचारों और आदर्शों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं और अध्यापिकाओं को उपहार भी भेंट किए।
गांधी पार्क में श्रद्धांजलि, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान
गांधी पार्क में प्रभारी जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद ने महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और उनके परिवारजनों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के संघर्ष और बलिदान के कारण ही देश को आजादी मिली। उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाना चाहिए।
-------------------------------------------------------------------------------------------
‘हमारा संविधान-हमारा स्वाभिमान’ पर निकली जागरूकता रैली
गांधी जयंती के अवसर पर ‘हमारा संविधान-हमारा स्वाभिमान’ विषय पर जागरूकता रैली भी निकाली गई। प्रभारी जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद ने गांधी पार्क से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली में स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ एनएसएस, एनसीसी कैडेट्स और प्रशासनिक अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
शहर में चला स्वच्छता अभियान
गांधी जयंती के अवसर पर शहर में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। लोगों तक महात्मा गांधी के ‘स्वच्छता ही सेवा है’ के संदेश को पहुंचाया गया और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
1942 के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रामअचल द्विवेदी आचार्य सम्मानित
तहसील करनैलगंज के ग्राम पतिसा में 1942 के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रामअचल द्विवेदी आचार्य को उनके आवास पर जाकर सम्मानित किया गया। उपजिलाधिकारी करनैलगंज ने उन्हें अंगवस्त्र और भगवद्गीता भेंट की।
जिले में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से राष्ट्रभक्ति, सेवा, सत्य, अहिंसा और स्वाभिमान के मूल्यों का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्ट्रेट कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी, शासकीय अधिवक्ता सुशील त्रिपाठी सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

