यूपी में सुबह और रात में द‍िखने लगा सर्दी का असर, आने वाले दिनों में तेजी से पारा गिरने की संभावना

लखनऊ। प्रदेश में ठंड ने दस्‍तक दे दी है। कानपुर, लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर व अयोध्‍या सह‍ित कई ज‍िलों में सुबह और रात में सर्दी का असर द‍िखने लगा है। कई ज‍िलों में तो लोगों ने पंखे चलाना भी बंद कर द‍िए हैं। पहाड़ों पर बर्फबारी होने से सुबह और रात के समय हल्की सर्दी ने अहसास कराया है। इन दिनों मौसम तेजी से ठंडा हो रहा है।

आज न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अगले सप्ताह तक सुबह के समय कोहरा गिरने की संभावना है। सीएसए कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि दिन में आसमान साफ रहेगा। आने वाले दिनों में तेजी से पारा गिरने की संभावना है। इससे सर्दी में और अधिक बढ़ोतरी दर्ज होगी। उन्होंने बताया कि जिले में मौसम शुष्क रहेगा।

तराई के जिले में रात के तापमान में कुछ और गिरावट आ गई है। हालांकि दिन में अच्छी धूप खिल रही लेकिन सायं ढलते ही लोगों को वातावरण में ठंड का अहसास होने लगता है। सुबह के समय भी मौसम ठंडा हो रहा है। पिछले कई दिनों से रात का तापमान 14 से 15 डिग्री के बीच चल रहा था। इससे पहले यह 20-21 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा था। शुक्रवार की रात न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री पर आ गया। इससे ठंड में कुछ और बढ़ोत्तरी हो गई।

रव‍िवार की सुबह आसमान एकदम साफ रहने के कारण अच्छी धूप खिली। सुबह की सैर करने निकले लोगों ने गुनगुनी धूप का आनंद लिया। राजकीय कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विज्ञानी डा. शैलेंद्र सिंह ढाका ने पंतनगर स्थित कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के हवाले से जानकारी दी कि अगले कई दिन तक दिन का तापमान 29-30 डिग्री के बीच बने रहने की संभावना है।

अभी फिलहाल कोहरे से राहत है लेकिन आने वाले दिनों में कोहरा भी दस्तक देने लगेगा। इसके साथ ही तराई के जिले में ठंड में बढ़ोत्तरी होने लगेगी। मौसम विभाग के मुताबिक बांदा में आज तेज धूप निकलने के साथ बीच-बीच में बदली छाए रहने की संभावना है। वहीं रविवार को मौसम साफ रहने के साथ तेज धूप निकलने का पूर्वानुमान है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया The Lucknow Tribune के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें... -------------------------
E-Paper