रिया चक्रवर्ती को याद आए सुशांत सिंह राजपूत, अभिनेता की पुण्यतिथि पर साझा किया खास वीडियो

मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के चले जाने के बाद से इंडस्ट्री में आज तक उनकी कमी खल रही है। आज अभिनेता की पुण्यतिथि है। सुशांत का निधन 14 जून, 2020 को हुआ था। उनके असामयिक निधन पर इंडस्ट्री के सेलेब्स के साथ-साथ उनके फैंस भी काफी दुखी थे। आज भी कई सितारे उनके साथ बिताए पलों को साझा कर उन्हें याद करते हैं। अभिनेता की पुण्यतिथि के अवसर पर कई सेलेब्स ने उन्हें याद किया। इस कड़ी में उनकी गर्लफ्रेंड रह चुकीं रिया चक्रवर्ती ने भी एक वीडियो साझा करते हुए उन्हें याद किया है।

दरअसल, रिया ने एक थ्रोबैक वीडियो साझा किया है। इस वीडियो में दोनों एक-दूसरे के साथ बेहद खुश नजर आ रहे थे। दोनों एक चट्टान पर बैठे थे और हंसते हुए पोज दे रहे थे। रिया ने अपनी भावनाओं को शब्दों के माध्यम से नहीं, बल्कि इमोजी के साथ व्यक्त किया। उन्होंने एक रेड दिल और इन्फिनिटी इमोजी ड्रॉप किया है। वीडियो के लिए रिया ने ‘विश यू वर हियर’ सॉन्ग इस्तेमाल किया है, जिसका मतलब है कि काश तुम यहां होते।

रिया के इस पोस्ट पर फैंस भी काफी प्यार बरसा रहे हैं। फैंस सुशांत को याद करते हुए भावुक हो रहे हैं। फैंस ने वीडियो पर कमेंट किया और कहा कि वे भी सुशांत को मिस करते हैं। हालांकि, रिया के इस पोस्ट पर उन्हें मिलीजुली प्रतिक्रिया मिली है। कुछ यूजर ने उन्हें मजबूत दिल की लड़की बताया तो वहीं कुछ यूजर्स का कहना है कि यह उन्होंने पब्लिसिटी के लिए किया है।

बता दें कि आज तक सुशांत सिंह राजपूत के निधन की गुत्थी अनसुलझी है। वहीं, बात करें रिया चक्रवर्ती के वर्कफ्रंट की तो वह इस समय रियलिटी शो ‘एमटीवी रोडीज 19’ का हिस्सा हैं।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया The Lucknow Tribune के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें... -------------------------
E-Paper