रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम का आयोजन: रोशनी से जगमगाया परिसर, ‘विकसित भारत @2047: सेवा का संकल्प’ का दिया संदेश

बरेली,18 सितम्बर।महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली में संयुक्त सचिव, उच्च शिक्षा अनुभाग, उत्तर प्रदेश शासन, लखनऊ के शासनादेश के क्रम में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा से जुड़ी जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा प्रत्येक नागरिक को ‘विकसित
भारत @2047’ के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में कल गुरुवार को सायं 6:30 बजे विश्वविद्यालय परिसर में ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय परिसर के विभिन्न स्थानों पर दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों की मनोहारी श्रृंखला के माध्यम से ‘विकसित भारत @2047—सेवा का संकल्प’ की थीम को साकार किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. अनिल कुमार राय द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात विश्वविद्यालय के शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पूरे परिसर में दीप प्रज्वलित किए। दीपों की रोशनी से संपूर्ण विश्वविद्यालय परिसर जगमगा उठा और विकसित भारत के राष्ट्रीय संकल्प का संदेश प्रभावी रूप से प्रस्तुत हुआ।
इस अवसर पर माननीय कुलपति प्रो. अनिल कुमार राय ने कहा कि ‘विकसित भारत @2047’ केवल एक लक्ष्य नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी और राष्ट्रीय संकल्प है। सेवा, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना से किया गया प्रत्येक सकारात्मक प्रयास राष्ट्र निर्माण में योगदान देता है। दीप प्रज्वलन का यह कार्यक्रम हमें ज्ञान, सेवा और जनकल्याण के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने की प्रेरणा देता है। विश्वविद्यालय परिवार को इन राष्ट्रीय संकल्पों को अपने आचरण और कार्यों में उतारने का निरंतर प्रयास करना चाहिए।’
विश्वविद्यालय के कुलसचिव श्री महेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री जी के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा के 25 वर्षों तथा सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों से नागरिकों को अवगत कराने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विश्वविद्यालय में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी श्रृंखला में आयोजित
‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम में विश्वविद्यालय परिवार ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर सेवा, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प को अभिव्यक्त किया।

-------------------------------------------------------------------------------------------
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, निदेशक, शिक्षकगण, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। इस अवसर पर कुलसचिव श्री महेंद्र कुमार सिंह,परीक्षा नियंत्रक श्री अनिल कुमार यादव, वित्त अधिकारी श्री विनोद कुमार, उप कुलसचिव, सांस्कृतिक समन्वयक डॉ. ज्योति पाण्डेय, नशा मुक्ति अभियान के नोडल अधिकारी प्रो. योगराज सिंह दक्ष, डीन एकेडमिक्स प्रो. एस. के. पांडे, चीफ प्रॉक्टर प्रो. रविंद्र सिंह, चीफ वार्डन प्रो. ए. के. सिंह,सहित विश्वविद्यालय के अन्य शिक्षक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय सांस्कृतिक केंद्र के तत्वावधान में किया गया। पूरे परिसर में दीप प्रज्वलन के माध्यम से सेवा, संकल्प, राष्ट्र निर्माण एवं विकसित भारत @2047 का सामूहिक संदेश दिया गया।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

