रूस ने यूक्रेन पर दागी 75 मिसाइलें, 8 लोगों की दर्दनाक मौत, कई घायल

कीव। यूक्रेन की राजधानी कीव में सोमवार सुबह जोरदार धमाके हुए हैं। कीव के अलावा यूक्रेन के कई शहरों को निशाना बनाया गया है। एजेंसी से मिली जानकारी के मुताबिक, राजधानी में मिसाइल से हमला किया गया है। इन हमलों में कई लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि जोरदार धमाकों के बाद कीव से घना धुआं उठा। राजधानी कीव पर ये रूस का कई दिनों बाद हमला है।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने इन हमलों की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि हमले में कई लोग मारे गए हैं। इसके अलावा कई घायल भी हुए हैं। वहीं, कीव पुलिस का कहना है कि हमले में कम से कम 8 लोगों की मौत हुई है।

उधर, यूक्रेन का दावा है कि उसने रूस की कई मिसाइलों को नष्ट कर दिया है। यूक्रेन के टॉप जनरल ने कहा कि यूक्रेनी सेना ने कम से कम 41 मिसाइलों को नष्ट कर दिया है। उन्होंने कहा कि रूसी सेना ने 75 मिसाइल दागी थी, जिनमें से 41 मिसाइलों को नष्ट किया गया।

बता दें कि ताजा हमले रूस और क्रीमिया को जोड़ने वाले पुल पर हुए विस्फोट के बाद हुए हैं। दो दिन पहले ही इस पुल पर धमाका हुआ था। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने इस हमले के लिए यूक्रेन को जिम्मेदार ठहराया था।

पुतिन ने कहा था कि पुल को उड़ाने की घटना आतंकी साजिश है। उन्होंने कहा, ‘इसमें कोई शक नहीं कि यह आतंकी घटना थी। इसका उद्देश्य नागरिक आधारभूत ढांचे को बर्बाद करना था।’ इस घटना के बाद पुतिन ने रूसी जांच समिति के अध्यक्ष के साथ बैठक भी की। धमाके की जांच के लिए समिति का गठन किया गया था।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया The Lucknow Tribune के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें... -------------------------
E-Paper