Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

रूहेलखण्ड विश्वविद्यालय में विकसित भारत की संकल्पना विषय पर संभाषण कौशल प्रतियोगिता आयोजित

बरेली, 26 सितम्बर।महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली के विश्वविद्यालय सांस्कृतिक केंद्र द्वारा सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत कल विकसित भारत की संकल्पना’ विषय पर संभाषण कौशल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए स्वतंत्र भारत की संकल्पना, उसके आदर्शों तथा राष्ट्र के भविष्य को लेकर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।संभाषण कौशल प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता के मूल्यों, लोकतांत्रिक व्यवस्था, सामाजिक समरसता, समान अवसर, शिक्षा, महिला सशक्तीकरण, युवा शक्ति, आत्मनिर्भरता, विज्ञान एवं तकनीकी विकास, आर्थिक प्रगति, सांस्कृतिक विरासत तथा राष्ट्र निर्माण जैसे विभिन्न विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। प्रतिभागियों ने स्वतंत्रता के अर्थ को केवल राजनीतिक स्वतंत्रता तक सीमित न रखते हुए इसे सामाजिक, आर्थिक, शैक्षिक एवं वैचारिक स्वतंत्रता से जोड़ते हुए अपना दृष्टिकोण प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में अभिव्यक्ति कौशल, तार्किक चिंतन, राष्ट्रीय चेतना एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को विकसित करना तथा उन्हें स्वतंत्र भारत के वर्तमान स्वरूप एवं भविष्य की संभावनाओं पर विचार करने का अवसर प्रदान करना रहा। कुलपति प्रो. अनिल कुमार राय ने कहा कि संभाषण कौशल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपने विचारों को तार्किक एवं प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करती हैं। विकसित भारत की संकल्पना’ जैसे विषय पर विद्यार्थियों के विचार सुनना इस दृष्टि से महत्वपूर्ण है कि इससे युवा पीढ़ी स्वतंत्रता के मूल्यों, लोकतंत्र और राष्ट्र के भविष्य को किस रूप में देखती है, इसका परिचय मिलता है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत विश्वविद्यालय के विद्यार्थी विभिन्न गतिविधियों में सक्रियता एवं उत्साह के साथ सहभागिता कर रहे हैं। निर्धारित कार्यक्रमों का आयोजन समय-सारणी के अनुसार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं में राष्ट्रीय चेतना, सामाजिक उत्तरदायित्व और सकारात्मक सोच का विकास राष्ट्र की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण है।
प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित: विजेता करेंगे जिला स्तर पर विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व
सांस्कृतिक समन्वयक एवं नोडल अधिकारी डॉ. ज्योति पाण्डेय ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित प्रश्नोत्तरी , चित्रकला , तथा संभाषण कौशल प्रतियोगिता पूर्ण हो गई है और आज ही इनके परिणाम भी घोषित कर दिए गए हैं। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान यश गुप्ता, द्वितीय केशव वत्स तथा तृतीय निगलेश कुमार ने प्राप्त किया ।वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान श्रद्धा शर्मा, द्वितीय स्थान इशिता सक्सेना तथा तृतीय स्थान प्रियांशु पाण्डेय ने प्राप्त किया। संभाषण कौशल प्रतियोगिता प्रतियोगिता में प्रथम स्थान सुनैना सक्सेना, द्वितीय स्थान अभय सिंह तथा तृतीय स्थान दृष्टि ने हासिल किया। इन सभी प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागी दिनांक 26 सितंबर 2026 को जिला स्तर पर आयोजित की जाने वाली प्रतियोगिताओं में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में कुलसचिव श्री महेंद्र कुमार सिंह, सांस्कृतिक समन्वयक एवं नोडल अधिकारी डॉ. ज्योति पाण्डेय के समन्वय में सांस्कृतिक समिति की डॉ. इंदरप्रीत कौर , डॉ.सौरभ वर्मा सहित कल्चर क्लब के सदस्यों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। सभी प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने ‘स्वतंत्र भारत की संकल्पना’ को विभिन्न दृष्टिकोणों से प्रस्तुत करते हुए स्वतंत्रता के मूल्यों, राष्ट्र की उपलब्धियों तथा भविष्य के भारत की अपनी कल्पना को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

-------------------------------------------------------------------------------------------
---------------------------------------------------------------------------------------------------