विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अभ्यर्थियों के लिए जरूरी खबर, 5 अक्टूबर से शुरू होंगे ट्रेडवार साक्षात्कार

गोंडा: विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का ट्रेडवार साक्षात्कार 5 अक्टूबर 2026 से शुरू होगा। योजना के अंतर्गत परंपरागत कारीगरों को 10 दिवसीय प्रशिक्षण देने के बाद उन्नत टूलकिट उपलब्ध कराई जाएगी। साक्षात्कार में अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि पर सभी जरूरी अभिलेखों के साथ उपस्थित होना अनिवार्य होगा।

उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र, गोंडा ने बताया कि योजना में कुल 25 ट्रेड शामिल हैं। इनमें बढ़ई, नाई, लोहार, राजमिस्त्री, कुम्हार, धोबी, मोची, हलवाई, सिलाई, सोनार, मूर्तिकार, मालाकार, दूधवाला, भरभूजा, मछुवार, मोबाइल मरम्मत, ऑटोमोबाइल मरम्मत, इलेक्ट्रॉनिक सामान मरम्मत, विद्युत सामान मरम्मत, प्लम्बर, कम्प्यूटर मरम्मत, सोलर इंस्टॉलेशन, डिजिटल फोटोग्राफी, सौन्दर्य एवं वेलनेस और टोकरी बुनकर शामिल हैं।
किस ट्रेड का साक्षात्कार किस तारीख को
बढ़ई ट्रेड के अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 5 अक्टूबर, लोहार ट्रेड का 6 अक्टूबर, राजमिस्त्री ट्रेड का 7 अक्टूबर तथा नाई, मोची और धोबी ट्रेड का साक्षात्कार 8 अक्टूबर 2026 को होगा।
सभी ट्रेड के साक्षात्कार पूर्वाह्न 11 बजे से जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र, गोंडा में आयोजित किए जाएंगे।
-------------------------------------------------------------------------------------------
साक्षात्कार में ये दस्तावेज लाना जरूरी
अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के समय आधार कार्ड और जाति प्रमाण-पत्र साथ लाना अनिवार्य है। यदि कोई अभ्यर्थी परंपरागत कारीगरी करने वाली संबंधित जाति से अलग है, तो उसे ग्राम प्रधान अथवा नगर पंचायत/नगर पालिका अध्यक्ष की ओर से संबंधित ट्रेड में कार्य करने का प्रमाण-पत्र भी प्रस्तुत करना होगा।
अनुपस्थित अभ्यर्थियों के आवेदन पर नहीं होगा विचार
उपायुक्त उद्योग ने संबंधित अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर सभी आवश्यक अभिलेखों के साथ पहुंचकर साक्षात्कार में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि साक्षात्कार में अनुपस्थित रहने वाले आवेदकों के आवेदन पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।

