यूपी मेट्रो के अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया श्रमदान, लखनऊ-कानपुर-आगरा में चला स्वच्छता अभियान

लखनऊ: उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के स्वच्छता सप्ताह के तीसरे दिन अधिकारियों और कर्मचारियों ने ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ के संदेश के साथ श्रमदान किया। लखनऊ, कानपुर और आगरा में मेट्रो स्टेशन परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान लोगों को अपने आसपास साफ-सफाई रखने और स्वच्छता को दैनिक जिम्मेदारी के तौर पर अपनाने के लिए जागरूक किया गया।

इस वर्ष स्वच्छता ही सेवा अभियान की थीम ‘स्वच्छता में सहभाग : स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ रखी गई है। इसी संदेश के तहत यूपी मेट्रो के अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वेच्छा से सफाई अभियान में हिस्सा लिया और जनभागीदारी के जरिए स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया।
यूपी मेट्रो की ओर से 29 सितंबर से 5 अक्टूबर तक लखनऊ, कानपुर और आगरा में विभिन्न स्वच्छता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने, सामुदायिक भागीदारी को प्रोत्साहित करने और आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाए रखने के लिए लोगों को प्रेरित करना है।
प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने भी श्रमदान में लिया हिस्सा
यूपी मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार सचिवालय मेट्रो स्टेशन पर आयोजित श्रमदान कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मिलकर सफाई अभियान में हिस्सा लिया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि स्वच्छता के लिए किया गया श्रमदान केवल साफ-सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज और पर्यावरण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता की शुरुआत हर व्यक्ति की अपनी जिम्मेदारी से होती है और जब सभी लोग साझा उद्देश्य के साथ मिलकर प्रयास करते हैं तो उसका प्रभाव व्यापक होता है।
हिंदी पखवाड़े के विजेताओं को किया गया सम्मानित
यूपी मेट्रो के प्रशासनिक भवन में प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने 14 सितंबर से 28 सितंबर तक आयोजित हिंदी पखवाड़े के विजेताओं को सम्मानित किया। इस दौरान यूपी मेट्रो के अधिकारियों और कर्मचारियों ने निबंध लेखन, सुलेख, प्रश्नोत्तरी, अनुवाद और भाषण जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया।
भाषण प्रतियोगिता में नैन्सी अरोड़ा रहीं प्रथम
भाषण प्रतियोगिता में नैन्सी अरोड़ा ने पहला स्थान हासिल किया। नम्रता राणा और याकूत फातिमा संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि स्मारिका सिंह ने तीसरा स्थान हासिल किया।
-------------------------------------------------------------------------------------------
निबंध लेखन में हेमंत पांडेय को पहला स्थान
निबंध लेखन प्रतियोगिता में हेमंत पांडेय प्रथम रहे। अभिषेक कुमार विश्वकर्मा और आदर्श कुमार मिश्र ने संयुक्त रूप से दूसरा स्थान हासिल किया। दिव्यांशु शुक्ल तीसरे स्थान पर रहे।
सुलेख प्रतियोगिता में लक्ष्मी चौरसिया प्रथम
सुलेख प्रतियोगिता में लक्ष्मी चौरसिया ने पहला स्थान प्राप्त किया। वैशाली नेहरा दूसरे और गरिमा सिंह तीसरे स्थान पर रहीं।
प्रश्नोत्तरी में उमंग अग्रवाल ने बाजी मारी
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में उमंग अग्रवाल प्रथम रहे। विकाश रंजन और कीर्ति चौधरी संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे। राजेश झा और हिमांशु सोनकर ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया।
अनुवाद प्रतियोगिता में अभिषेक सिंह प्रथम
अनुवाद प्रतियोगिता में अभिषेक सिंह ने पहला स्थान हासिल किया। आयुष श्रीवास्तव और अभिषेक कुमार विश्वकर्मा संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे। अजीत सिंह, कीर्ति चौधरी, अभिषेक सिंह और स्वप्निल सिंह ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया।

