Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

विश्व ओजोन दिवस पर आयोजित प्रतियोगिताओं में रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय के सांस्कृतिक केंद्र ने जीते तीन पुरस्कार

बरेली,16 सितम्बर। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली के विश्वविद्यालय सांस्कृतिक केंद्र के कल्चरल क्लब के विद्यार्थियों ने विश्व ओजोन दिवस के अवसर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया। विद्यार्थियों ने भाषण एवं काव्य सम्मेलन प्रतियोगिताओं में कुल तीन पुरस्कार प्राप्त किए।
विश्व ओजोन दिवस के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम के अंतर्गत बरेली कॉलेज, बरेली द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में विश्वविद्यालय सांस्कृतिक केंद्र के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
भाषण प्रतियोगिता में लवी सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि काव्य सम्मेलन में सुनैना सक्सेना एवं प्रणव ने तृतीय स्थान प्राप्त कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया।
माननीय कुलपति प्रो. अनिल कुमार राय ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा केवल कक्षा-कक्ष तक सीमित नहीं रहती, बल्कि विभिन्न रचनात्मक एवं सह-पाठ्यक्रमीय गतिविधियों के माध्यम से उसका विकास होता है। विश्वविद्यालय सांस्कृतिक केन्द्र के माध्यम से विद्यार्थियों में अभिव्यक्ति-कौशल, रचनात्मकता, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए निरंतर अवसर उपलब्ध करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की उपलब्धियां विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक समृद्धि को भी प्रतिबिंबित करती हैं।
कुलसचिव श्री महेंद्र कुमार सिंह ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय के विद्यार्थी विभिन्न प्रतियोगिताओं में निरंतर उत्साह के साथ प्रतिभाग कर रहे हैं और उत्कृष्ट प्रदर्शन के माध्यम से विश्वविद्यालय को गौरवान्वित कर रहे हैं।
सांस्कृतिक समन्वयक डॉ. ज्योति पाण्डेय ने कहा कि विश्व ओजोन दिवस की विभिन्न प्रतियोगिताओं में सांस्कृतिक केंद्र के विद्यार्थियों शानदार प्रदर्शन किया है और कुल तीन पुरस्कार जीते। विश्वविद्यालय सांस्कृतिक केंद्र के लिए भी गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय सांस्कृतिक केंद्र विद्यार्थियों की प्रतिभा, कौशल एवं रचनात्मक क्षमताओं के विकास के लिए निरंतर उचित मंच प्रदान करता है। इन्हीं मंचों के माध्यम से विद्यार्थी अपनी प्रतिभा को निखारते हुए आगे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी प्रतिभाग करने के अवसर प्राप्त करते हैं। उन्होंने विजेता विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विजेता विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर  सांस्कृतिक समन्वयक डॉ.ज्योति पाण्डेय, सांस्कृतिक समिति के सदस्यों, संकायाध्यक्षों, विभागाध्यक्षों, अधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों तथा कल्चरल क्लब के विद्यार्थियों ने विजेता प्रतिभागियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------